रजनीकांत और अक्षय कुमार की बहुचर्चित फ़िल्म 2.0 अपनी रिलीज से पहले ही काफ़ी सुर्खियां बटोर चुकी है । करीब 500 करोड़ की लागात से बनी ये फ़िल्म साल 2010 में आई फ़िल्म रोबोट का सीक्वल है । 2.0 कल सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है लेकिन दर्शकों की प्रत्याशा इस फ़िल्म को लेकर सातवें आसमान पर है । अक्षय कुमार को पहली बार खूंखार विलेन के रूप में देखना दर्शकों को हद से ज्यादा उत्साहित कर रहा है । हैवी मेकअप की मदद से अक्षय कुमार ने क्रोमैन का लुक अख्तियार किया । कयास लगाए जा रहे हैं अक्षय कुमार और रजनीकांत की साई-फ़ाई फ़िल्म 2.0 बॉक्सऑफ़िस पर एक तूफ़ान लेकर आएगी । अक्षय का दावा है कि साइंस फिक्शन के मामले में उनकी ये फ़िल्म साइंस फिक्शन हॉलीवुड फ़िल्म से भी बड़ी फ़िल्म है ।

2.0 में से अक्षय कुमार का खूंखार लुक डरा कर रख देगा
पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर रिलीज हुए 2.0 के अक्षय के खूंखार लुक वाले अलग-अलग पोस्टर्स ने फ़ैंस के बीच फ़िल्म के लिए उत्साह को बढ़ाने का काम किया है । 2.0 के खूंखार डॉक्टर रिचर्ड के लुक में अक्षय ने सभी का दिल जीत लिया ।

जहां प्रोमो में अक्षय की मौजूदगी को न देखकर उनके फ़ैंस निराश हुए वहीं फ़िल्म के नए-नए पोस्टर्स में अक्षय के लुक ने फ़िल्म को और ज्यादा बड़ी बना दिया । अपने चहेते स्टार को एक खूंखार विलेन के रूप में देखना लगता है अक्षय के फ़ैंस को भा गया और यही बात मेकर्स के लिए फ़ायदे का सौदा साबित होगी ।

बता दें कि अक्षय का ये डरावना लुक प्रोस्थेटिक्स के इस्तेमाल से तैयार किया गया है । खुद अक्षय ने खुलासा किया था कि उन्हें इस लुक को पाने में करीब लगभग तीन-साढ़े तीन घंटे लग जाते थे । इस दौरान उन्हें एकदम चुपचाप बैठना होता था । वहीं मेकअप हटाने की प्रक्रिया में भी डेढ़ घंटा लग जाता था जो काफ़ी दर्दनाक था ।

फ़िल्म के नए लुक में अक्षय क्रोमैन के किरदार में ही दिखाई दे रहे हैं लेकिन उनके चेहरे और खूंखार आंखें आपको बुरी तरह से हिला देने वाली है । यकीनन अक्षय को निगेटिव रोल में देखना तो एक उत्सुकता का विषय है ही साथ ही उनका डरावना अंदाज आपको थियेटर्स तक खींच ले ही जाएगा ।

रिकॉर्डस्तर पर रिलीज हो रही है ये फ़िल्म
जहां तीनों भाषाओं- तमिल, तेलुगू, हिंदी में रिलीज होने वाली फ़िल्म न केवल अक्षय बल्कि रजनीकांत के लिए भी अभी तक की सबसे बड़ी फ़िल्म साबित होगी, लेकिन वहीं हिंदी वर्जन को देखें तो अक्षय के लिए भी की यह सबसे बड़ी फ़िल्म है । रिकॉर्डस्तर स्क्रीन पर रिलीज होने वाली फ़िल्म की कमाई को लेकर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे है ।

यह भी पढ़ें : रजनीकांत और अक्षय कुमार की 2.0 के बारें में ये 10 दिलचस्प फ़ैक्ट्स कोई नहीं जानता होगा
गौरतलब है कि, रजनीकांत और अक्षय की 2.0 ने अपनी रिलीज से पहले ही 370 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है । फिल्म ने सैटेलाइट राइट्स, डिजिटल राइट्स और डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स के जरिए यह कमाई कर डाली है । लाइका प्रोडक्शन्स ने 2.0 फिल्म के सैटेलाइट राइट्स 120 करोड़ में बेचे, जबकि डिजिटल राइट्स के सभी वर्जन (हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषा) 60 करोड़ रुपए में बिके । शंकर द्दारा निर्देशित फ़िल्म 2.0 कल यानी 29 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है ।


















