आज से 10 साल पहले जब फ़िल्म, तारे ज़मीन पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई, थी तो किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि यह फ़िल्म साल 2007 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फ़िल्म में से एक बनकर उभरेगी । इस फ़िल्म को इतना प्रमोट भी नहीं किया गया था । लेकिन ये फ़िल्म एक ऐसी फ़िल्म बनकर उभरी जिसे इससे पहले कभी भारतीय सिनेमा में नहीं देखा गया । यह फ़िल्म हर वर्ग के दर्शकों के दिल को छू गई । इस फ़िल्म ने 60 करोड़ रु की कमाई की, जो उस समय काफ़ी बड़ी बात हुआ करती थी ।

इस क्लासिक फ़िल्म की रिलीज की 10वीं सालगिरह पर हम आपके लिए लेकर आए हैं फ़िल्म से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें जिनके बारें में शायद किसी को नहीं पता होगा । सबसे पहले इस फ़िल्म के नाम/शीर्षक की बात करते है । इस फ़िल्म का नाम तारे ज़मीन पर सलमान खान का आइडिया था, उन्होंने ही यह टाइटल फ़िल्म के लिए सुझाया था । टाइगर जिंदा है के सुपरस्टार का फ़िल्म के लिए ये योगदान प्रशंसनीय था ।

गौरतलब है कि इस फ़िल्म में दर्शील सफ़ारी ने मुख्य भूमिका निभाई थी और उनका रोल आमिर खान से भी बड़ा था । हैरानी की बात है कि, अभिनेता और निर्माता के तौर पर आमिर के बोर्ड में आने के बाद, दर्शील को लिया गया था । दर्शील को सबसे पहले शाइमक डावर की डांस क्लास में देखा गया और वहीं से उन्हें ऑडिशन के लिए बुलाया गया । आमिर को दर्शील का आंखों से इमोशन प्रकट करने का अंदाज बहुत भा गया । और वहीं उन्होंने तय कर लिया कि दर्शील ही उनकी फ़िल्म के ईशान का रोल अदा करेंगे । आमिर को कभी अपने फ़ैसले पर पछतावा नहीं हुआ । इस बारें में आमिर ने कहा भी कि उन्हें दर्शील को डायरेक्ट करने में हमेशा ऐसा लगता था कि मानो वह किसी एडल्ट को निर्देशित कर रहे है ।

एक और विवाद इस फ़िल्म से जुड़ा था वो ये था कि खबर आई थी इस फ़िल्म के लेखक अमोल गुप्ते, जिसने इस फ़िल्म की स्टोरी, स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स लिखे थे, पहले इस फ़िल्म को निर्देशित करने वाले थे इसके लिए उन्होंने रिसर्च भी कर ली थी । ऐसी खबरें थीं कि अमोले को इस फिल्म को निर्देशित करने के लिए मजबूर किया गया था । लेकिन इस वीडियो में आमिर ने स्पष्ट किया था कि दोनों के बीच क्रिएटिव खटास थी जिसके बाद अमोल ने ही आमिर को इस फ़िल्म निर्देशित करने का सुझाव दिया था । इसके बाद आमिर ने इस फ़िल्म निर्देशित किया ।

न केवल एक्टिंग, प्रोड्यूसिंग और डायरेक्टिंग, आमिर खान ने इस फ़िल्म के लिए गाना भी गाया और वो है 'बम बम भोले' । आमिर ने इस गाने के ब्रीथलैस भाग को बड़ी ही सहजता के साथ गा लिया ।