जीरो के बाद शाहरुख खान ने सिल्वर स्क्रीन से एक दूरी सी बना ली है । लेकिन उनके फ़ैंस को उनकी आगामी फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार है । शाहरुख खान के अपकमिंग प्रोजेक्ट को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे है और अब खुद शाहरुख खान ने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर खुलकर बताया है । हाल ही में टेड टॉक्स इंडिया नई बात इवेंट में शामिल हुए शाहरुख खान ने अपनी आने वाली फ़िल्मों के बारें में बताया ।

शाहरुख खान दो-तीन स्क्रिप्ट्स पर काम कर रहे हैं
जब शाहरुख से उनकी आगामी फ़िल्मों के लेकर पूछा गया तो उन्होंने पहले तो इसे मजाक में लेते हुए कहा कि, "दरअसल मैंने संजय, गौरव और उदय शंकर (स्टार और डिज्नी इंडिया के चेयरमैन) से बात की और मैंने कहा कि यही वो प्लेटफॉर्म है जहां मैं अनाउंस कर सकता हूं । यही है वो । मैं यहां आउंगा और सभी को बताउंगा । टेड टॉक मेरी अगली फिल्म होगी ।"
इस के बाद शाहरुख ने इस सवाल का गंभीरता से जवाब दिया और कहा कि, "मैं दो-तीन स्क्रिप्ट्स पर काम कर रहा हूं और उम्मीद है ये जल्द तैयार हो जाएंगी । जिनके साथ मैं काम कर रहा हूं वे काफी व्यस्त हैं इसलिए इन प्रोजेक्ट्स को मैं खुद ही अनाउंस करूंगा । तब तक मुझे लगता है कि जिस तरह की अफवाहें चल रही है वह अच्छा ही है क्योंकि ये मुझे आइडियाज दे रही है ।"
बता दें कि टेड टॉक्स इंडिया नई बात इवेंट में शाहरुख के साथ-साथ TED के हेड क्रिस एंडरसन, स्टार इंडिया के प्रेसिडेंट (हिंदी एंटरटेनमेंट) गौरव बनर्जी और स्टार इंडिया मैनेजिंग डायरेक्टर संजय गुप्ता भी मौजूद थे ।
यह भी पढ़ें : शाहरुख खान के किल बिल से कमबैक करने की असली सच्चाई अब आई सामने
गौरतलब है कि भले ही शाहरुख अभिनय से थोड़े समय के लिए दूर हों लेकिन उनके प्रोडक्शन में बनने वाले प्रोजेक्ट्स खूब पसंद किए जा रहे है । हाल ही में उनके प्रोडक्शन में बना नेटफ़्लिक्स ऑरिजनल सीरिज, बार्ड ऑफ ब्लड का प्रीमियर हुआ ।
















