बिना किसी गॉडफ़ादर के मनोरंजन जगत में अपने दम पर पहचान बनाने वाले 34 वर्षीय बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन से कई मुद्दों पर बहस छिड़ गई है जैसे, नेपोटिज्म, इंडस्ट्री में मौजूद राजनीति, कैंपिंग इत्यादि । सुशांत के सुसाइड करने के बाद सलमान खान की फ़िल्म दबंग के डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने भी खान परिवार को लेकर कई आरोप लगाए । अभिनव कश्यप ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सलमान खान, उनके भाई अरबाज खान और सोहेल खान पर उनका करियर खराब करने का आरोप लगाया । और अब एक बार फ़िर अभिनव ने सलमान खान को निशाना बनाते हुए उनके चैरिटी फाउंडेशन बींइग ह्यूमन (Being Human) को मनी-लॉन्ड्रिंग हब बताया है ।

दबंग के डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने सलमान खान की बींइग ह्यूमन को बताया मनी-लॉन्ड्रिंग हब, लगाए ये आरोप

अभिनव ने सलमान खान की बींइग ह्यूमन पर निशाना साधा

अनुराग कश्यप के भाई अभिनव ने सलमान और उनकी फ़ैमिली पर आरोप लगाया कि उनकी फ़ैमिली बॉलीवुड में खेमेबाजी करती है । और अब अभिनव ने सलमान की चैरिटी करने वाली संस्था बींइग ह्यूमन फ़ाउंडेशन पर निशाना साधते हुए कहा है कि ये सिर्फ़ चैरिटी करने का दिखावा करती है । असल में तो ये संस्था मनी लॉन्ड्रिंग का अड्डा बनी हुई है ।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'जनाब सलीम खान साहब का सबसे बड़ा आइडिया है बीइंग ह्यूमन । बीइंग ह्यूमन की चैरिटी महज एक दिखावा है... दबंग की शूटिंग के दौरान मेरी आंखों के सामने 5 साइकल बंटती थीं... अगले दिन अखबारों में छपता था कि दानवीर सलमान ने 500 साइकिल गरीबों में बांटी... सारी कोशिश सलमान की गुंडे मवाली वाली छवि को सुधारने की थी ताकि इनके तमाम क्रिमिनल कोर्ट केस में मीडिया और जज इनपर थोड़ी रियायत बरतें ।'

सरकार से की बीइंग ह्यूमन की जांच कराने की मांग

अभिनव ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, 'आज बीइंग ह्यूमन 500 रुपये की जीन्स 5 हजार में बेचता है... और पता नहीं किन-किन तरीकों से चैरिटी के नाम पर मनी लॉन्ड्रिंग चल रही है । सीधी-सादी जनता की आंखों में धूल झोंककर उनसे नोट बटोर रहे हैं ये धूर्त लोग... इनकी मंशा किसी को कुछ देने की नहीं, सिर्फ लेने की है । सरकार को चाहिए कि बीइंग ह्यूमन की भी गहरी जांच हो... मैं सरकार का पूरा सहयोग करूंगा ।'

यह भी पढ़ें : सलमान खान के पिता सलीम खान ने अभिनय कश्यप के आरोपों का जवाब अपनी स्टाइल में दिया

बता दें कि अभिनव के इन बेबुनियाद आरोपों के जवाब में सलमान के भाई सोहेल खान ने अभिनव कश्यप के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर कर दिया है । इससे पहले बता दें कि अभिनव के आरोपों का सलमान के पिता सलीम खान ने भी खुलकर जवाब दिया था । उन्होंने कहा था अपनी असफलता के लिए किसी दूसरे को जिम्मेदार ठहराना कहां का न्याय है ?