
पिछले महीने ही फ़िल्ममेकर राजकुमार संतोषी ने इस बात की पुष्टि की थी कि वह पूरे 21 साल बाद एक नई फ़िल्म के लिए सलमान खान के साथ एक बार फ़िर से काम करेंगे । यह भी सुनने में आया कि इस फ़िल्म को सलमान के जीजा अतुल अग्निहोत्री प्रोड्यूस करेंगे और यह फ़िल्म कबीर खान की आगामी फ़िल्म ट्यूबलाइट के बाद शुरू होगी । लेकिन अब ऐसा लगता है कि ये र्फ़िल्म इतनी जल्दी शुरू नहीं होगी ।
चूंकि बिना नाम वाली ये फ़िल्म अभी फ़िलहाल के लिए रोक दी गई है, राजकुमार संतोषी एक दूसरी फ़िल्म की तैयारियों में जुट गए हैं जिसका नाम है बैटल ऑफ़ सारागढ़ी । राजकुमार संतोषी इस पीरियड ड्रामा फ़िल्म को निर्देशित करेंगे और इस फ़िल्म की शूटिंग 12 सितंबर से शुरू हो जाएगी । फ़िल्म की कहानी 12 सितंबर 1897 को हुए सारागढ़ी के ऐतिहासिक युद्ध पर आधारित है, जब 10 हजार अफगानियों को 21 सिक्खों ने धूल चटाई थी । ये ऐतिहासिक युद्द 36वीं सिख रेजीमेंट के 21 सैनिकों ने सारगढ़ी किले को बचाने के लिए 10,000 अफगान और ओराकजई कबायलियों के बीच हुआ था । इस युद्द का प्रतिनिधित्व हवेलीदार ईशर सिंह द्दारा किया गया था और ये युद्द इतिहास के सबसे महानतम युद्धों में शामिल है । यह लड़ाई भारतीय सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान, अतुलनीय साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है और इसलिए उन वीर 21 सैनिकों को सम्मान देते हुए प्रत्येक वर्ष 12 सितंबर को सारागढ़ी दिवस मनाया जाता है ।
बैटल ऑफ़ सारागढ़ी फ़िल्म बड़े पैमाने पर शूट की जाएगी और फ़िल्म के भव्य सेट के साथ 1800 के दशक को फ़िल्मी पर्दे पर उतारने की योजना है । इस फ़िल्म में 21 अभिनेता होंगे और अभी तक इसकी खोज जारी है ।
















