आमिर खान प्रोडक्शन में बन रही राजकुमार संतोषी की सनी देओल स्टारर लाहौर 1947 की रिलीज डेट अभी तक फाइनल नहीं हो पाई है । आसग़र वजाहत के मशहूर नाटक जिस लाहौर नहीं देख्या ओ जम्याइ नहीं पर आधारित इस फ़िल्म की रिलीज़ डेट को लेकर अब तक कई घोषणाएँ की जा चुकी हैं। कुछ महीने पहले फ़िल्म के प्रोड्यूसर आमिर खान ने बताया था कि लाहौर 1947 को वे सितारे ज़मीन पर के बाद रिलीज़ करना चाहते हैं लेकिन वह फ़िल्म रिलीज होकर जा भी चुकी है । लेकिन अब लाहौर 1947 को लेकर लेटेस्ट अपडेट ये है कि इस फ़िल्म को अब नए टाइटल के साथ रिलीज़ किया जाएगा । क्योंकि मौजूदा राजनीतिक माहौल में पाकिस्तान के शहर लाहौर के नाम का इस्तेमाल भारतीय फ़िल्म के टाइटल में करना संवेदनशील माना जा रहा है।

लाहौर 1947 नए टाइटल के साथ होगी रिलीज
हाल ही में एक्सक्लूसिव बातचीत में निर्देशक राजकुमार संतोषी ने कहा, “आपको मेरे प्रोड्यूसर आमिर खान से पूछना चाहिए कि लाहौर 1947 कब रिलीज़ हो रही है। जहां तक टाइटल बदलने की बात है, मैं इसके सख़्त खिलाफ हूं। बेशक फैसला प्रोड्यूसर का होता है, लेकिन मैं इस तरह के तुष्टीकरण के पक्ष में नहीं हूं। मैंने इस फ़िल्म को बनाने के लिए लगभग बीस साल इंतज़ार किया है यह मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट है। और इसे सनी (देओल) के साथ बनाना मेरी किस्मत में था। वो अपनी भूमिका में परफेक्ट हैं; क्लासिक और कंटेम्पररी का जो मेल वो लाए हैं, वही फ़िल्म की आत्मा है।”
संतोषी ने आगे कहा कि उन्होंने पहली बार शबाना आज़मी के साथ काम किया और अनुभव बेहद प्रेरणादायक रहा, “शबाना जी पिछले पचास सालों से दर्शकों का दिल जीत रही हैं। जब लगता है कि अब वो कुछ नया नहीं कर सकतीं, तभी वो एक और करियर-डिफाइनिंग परफॉर्मेंस देती हैं। लाहौर 1947 में उन्होंने ऐसा काम किया है कि यकीन मानिए, थिएटर में एक भी आंख सूखी नहीं रहेगी। वो इस फ़िल्म की आत्मा हैं और एक कलाकार ही नहीं, एक इंसान के रूप में भी सबको प्रभावित करती हैं। मैं दोबारा उनके साथ काम करने के लिए बेसब्र हूं।”
राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी इससे पहले घायल और घातक जैसी क्लासिक फिल्मों में साथ आ चुकी है, जो दोनों के करियर में मील का पत्थर साबित हुई थीं। निर्देशक का मानना है कि लाहौर 1947 भी वैसी ही छाप छोड़ेगी।
















