
बॉलीवुड में पाकिस्तानी अभिनेता फ़वाद खान की बढ़ती लोकप्रियता के चलते फ़वाद खान की बॉलीवुड में मांग दिन-ब-दिन बढ़ती चली जा रही है । बड़े-बड़े प्रोडक्शन हाउस के साथ काम कर चुके फ़वाद खान ने अपने शानदार अभिनय से सभी को खुश कर दिया है । इसलिए हर कोई फ़वाद को अपनी फ़िल्मों में लेने के लिए बेकरार रहता है । करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के साथ काम करने के बाद अब फ़वाद खान सलमान खान प्रोडक्शन्स के साथ हाथ मिलाने के लिए तैयार हैं ।
सलमान खान के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनने वाली फ़िल्म के निर्देशक नितिन कक्कर ने हाल ही में फ़वाद खान को अपनी फ़िल्म में लेने की घोषणा की है । इस फ़िल्म की शूटिंग फ़वाद खान की उपलब्धता के अनुसार अगले साल से शुरू होगी । उन्होंने कहा कि वो अभी अभिनेत्री की तलाश कर रहे हैं । वहीं दूसरी तरफ़ फ़वाद खान के साथ बनने वाली फ़िल्म उनकी पहली फ़िल्म फ़िल्मिस्तान की तरह सोशल ड्रामा नहीं होगी । बल्कि लड़का और एक लड़की के बीच संबंधों की एक दिलचस्प कहानी के साथ एक शहरी प्रेम कहानी होगी ।
गौरतलब है कि फ़वाद खान जल्द ही करण जौहर की रोमांटिक ड्रामा फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल में एक छोटे से रोल में नजर आएंगे । इसके अलावा फ़वाद खान कैटरीना कैफ़ के साथ आगामी फ़िल्म रात बाकी, में भी नजर आएंगे ।
















