संजय दत्त, जो इन दिनों अपनी कमबैक फ़िल्म भूमि की तैयारियों में जुटे हुए हैं, ने हाल ही में अपना जन्मदिन मनाया । लेकिन इस बार उनका जन्मदिन कुछ खास रहा क्योंकि, इस बार उन्हें अपने प्रशंसक से बेहद खास और इमोशनल गिफ़्ट मिला, जिसे वो कभी नहीं भुला सकते । संजय दत्त के एक फ़ैन, जिनका नाम अरु कुमार है, ने संजय को उनके जन्मदिन पर संजय दत्त के साथ उनके दिवंगत और दिग्गज अभिनेता सुनील दत्त की फ़ोटो वाला एक 3डी स्टीलोग्राफ़ आर्ट फ़्रेम दिया जिसे पाकर, संजय दत्त काफ़ी भावुक हो गए ।

इसके अलावा, हमने सुना है कि वह फ़ैन संजय दत्त के जन्मदिन, जो कि 29 जुलाई को था, के लिए फ़्लाइट से इंदौर से खासकर मुंबई आया । अरु कुमार ने संजय दत्त के घर के बाहर, उन्हें उनके जन्मदिन पर अपने हाथ से गिफ़्ट देने के लिए घंटों इंतजार किया । जाहिरतौर पर यह संजय दत्त के लिए काफ़ी भाविक पल था, क्योंकि वह भी अपने पिता सुनील दत्त, जिनका निधन 2005 में हो गया था, के बेहद करीब थे । यूं तो संजय दत्त को अपने प्रशंसकों से अपने जन्मदिन पर कई स्पेशल गिफ़्ट मिले हैं , लेकिन निश्चितरूप से यह गिफ़्ट उनके लिए बेहद खास रहा ।

फ़िल्मों की बात करें तो, संजय दत्त जल्द ही अपनी कमबैक फ़िल्म भूमि का ट्रेलर लॉंच करेंगे । इस फ़िल्म में वह एक पिता के किरदार में नजर आएंगे । इसमें अदिती राव हैदरी उनकी बेटी के किरदार में नजर आएंगी । ओमंग कुमार द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म 22 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।