इस साल की बहुप्रतिक्षित फ़िल्मों में से एक अक्षय कुमार-भूमि पेडनेकर अभिनीत फ़िल्म टॉयलेट-प्रेम कथा, इस शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । ऐसे में पूरा बॉलीवुड अपने-अपने तरीके से फ़िल्म का प्रचार करने में लगा हुआ है ।

वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा, अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह द्दारा बनाए गए मजेदार प्रमोशनल वीडियो सीरिज के बाद अब इस कड़ी में नाम जुड़ा है फ़िल्ममेकर करण जौहर और आलिया भट्ट का । करण और आलिया ने मिलकर अक्षय कुमार अभिनीत फ़िल्म टॉयलेट-एक प्रेम कथा का मजेदार प्रमोशनल वीडियो शेयर किया । इसमें करण जोर-जोर से आलिया के बाथरुम का दरवाजा खटखटाते हैं और जैसे ही वो बाहर निकलती हैं, तो वे तुरंत ही दर्शकों से 11 अगस्त को इस फ़िल्म को देखने के लिए कहते हैं । वीडियो शेयर करते हुए करण ने लिखा, “Can’t wait to watch toilet ek prem Katha…1 day to go…this one is for you @akshaykumar….@kriarj.”

श्री नारायण सिंह द्दारा निर्देशित फ़िल्म, टॉयलेट-एक प्रेम कथा में अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर के अलावा अनुपम खेर, दिव्येंदु शर्मा और कई अन्य कलाकार नजर आएंगे । यह फ़िल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।

फ़िल्मों की बात करें तो, आलिया भट्ट इन दिनों करण जौहर के को-प्रोडक्शन की आगामी फ़िल्म राजी की शूटिंग में व्यस्त हैं । इस फ़िल्म में वह विक्की कौशल के साथ नजर आएंगी । मेघना गुलजार द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म 11 मई 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।