
टीवी अभिनेत्री श्वेता तिवारी की 17 साल की बेटी पलक तिवारी, अब बड़ी हो चुकी हैं । और वह अब बहुत जल्द अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं । पलक तिवारी, आमिर खान अभिनीत फ़िल्म तारें जमीन पर के बाल कलाकार दर्शील सफ़ारी के साथ आगामी फ़िल्म, क्यूकी में नजर आएंगी । यह फिल्म दो किशोर अजनबियों से संबंधित है, जो मुंबई शहर, जो कभी सोता नहीं है, में वन नाइट स्टेंड का फ़ैसला करते हैं । पलक तिवारी और दर्शील सफारी के साथ, इस फिल्म में प्रभाज्योत सिंह, भावीन भानुशाली, केटलीन बर्क और विनी मिरांडा भी नजर आएंगे । इस फ़िल्म को ओडबॉल मोशन पिक्चर्स द्वारा प्रोड्यूस किया जाएगा ।
अपने बॉलीवुड डेब्यू के बारें में बात करते हुए पलक ने कहा, "मैं इस फिल्म के लिए बहुत उत्साहित हूं । यह मेरी पहली फिल्म है और इसके साथ बहुत प्रेशर आता है । आशा है कि यह ग्रेट जर्नी होगी जैसे मुझे उम्मीद थी,और लोग भी इसे पसंद करेंगे । मुझे वाकई उम्मीद है कि यह फिल्म अच्छी तरह से काम करेगी क्योंकि पर्सनली मुझे इसकी कहानी बहुत अच्छी लगी ।”

लेखक-निर्देशक प्रदीप अल्लाली ने कहा, "किशोर कॉमेडी भारत में इससे पहले कभी नहीं दिखाई गई और यह एक उपेक्षित शैली है । अक्सर हमारी किशोर फिल्मे ज्यादातर 20 से 30 वर्ष के कलाकारों द्वारा अभिनीत की जाती है । लेकिन हमने इस किशोर फ़िल्म में किशोरों को ही लिया है ।"
आजकल भाई-भतीजावाद एक ज्वलंत विषय है, लेकिन मेकर्स इस बात से इत्तेफ़ाक नहीं रखते हैं क्योंकि, पलक को उनके अभिनय के कौशल के आधार पर चुना गया है न कि वह श्वेता तिवारी की बेटी है इसलिए । प्रदीप अल्लाली ने बताया, "मुख्य अभिनेत्री को ढूँढना एक मुश्किल काम बन गया है । हमने सैकड़ों लड़कियों का ऑडिशन किया और हमने तो यहां तक कि यह भी सोच लिया था कि शायद हमें एक बड़ी लड़की के साथ ही जाना पड़ेगा । लेकिन चार महीने की खोज के बाद जब हमारा पलक तिवारी से सामना हुआ तो हम उनसे बहुत प्रभावित हुए । पलक ने अपने अभ्नय कौशल, सूक्ष्म अभिव्यक्ति, और ऑडिशन में अपने आत्मविश्वास से हमें प्रभावित कर दिया । इसके अलावा वह खुद एक किशोर हैं, और इस किरदार को भी भली-भांति समझ पाएंगी और अपने किरदार के साथ न्याय कर पाएंगी ।”

आपको बता दें कि पलक तिवारी श्वेता तिवारी और अभिनेता राजा चौधरी की बेटी है । दोनों की शादी में परेशानी की वजह से 9 साल साथ रहने के बाद श्वेता ने राजा से साल 2007 में तलाक ले लिया । उसके बाद श्वेता ने अभिनेता अभिनव कोहली के साथ साल 2013 में शादी रचाई । तीन साल पहले, श्वेता ने एक इंटरव्यू में पलके के बारें में बताया था कि पहले वह पायलट, हेयर स्टाइलिस्ट और फ़ैशन डिजाइनर बनना चाहती थी, लेकिन आखिरकार उन्होंने अभिनेत्री बनने का फ़ैसला किया ।
















