
समय-समय पर, राधिका आप्टे ने साबित किया है कि फ़िल्म इंडस्ट्री में वह अपने अविश्वसनीय परफ़ोरमेंस के बल पर टिकी हुईं हैं और वही उन्हें अच्छी-अच्छी फ़िल्में दिलवाता है । अक्षय कुमार की आगामी फ़िल्म पैडमेन के बाद अब राधिका आप्टे सैफ़ अली खान की आगामी फ़िल्म बाजार में अहम भूमिका निभाती हुईं नजर आएंगी ।
निखिल आडवाणी के एमे एंटरटेंमेंट के निर्माता और प्रवक्ता मधु भोजवानी ने इस खबर की पुष्टि की है कि राधिका आप्टे को बाजार फ़िल्म के लिए चुना गया है । उनके मुताबिक राधिका आप्टे बेहद प्रतिभाशाली है और उनमे यह रोल करने की क्षमता है । उन्होंने कहा कि बाजार राधिका को वो एक अलग मुकाम तक ले जाएगी जो इससे पहले उन्हें नहीं मिला है । फ़िल्म में उनका किरदार अलग-अलग रूपों में होगा और इस फ़िल्म में वे अलग-अलग अवतार में दिखाई देंगी ।
इस फ़िल्म में सैफ़ अली खान के साथ दिवगंत अभिनेता विनोद मेहरा का बेटा राहुल मेहरा, जो इस फ़िल्म से अपने बॉलीवुड करियर की शुरूआत कर रहे हैं, अहम किरदार में नजर आएंगे । गौरव के चावला द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म भारतीय शेयर बाजार के नीचे की अंधेरी दुनिया को दर्शाती है । कहा जा रहा है कि इंडियन स्टॉक मार्केट पर बेस्ड यह फ़िल्म माइकल डगलस की फिल्म वॉल स्ट्रीट या लियनार्डों डी कैपरियो की वुल्फ ऑफ वॉल स्ट्रीट से इंसपायर्ड है ।
















