जहां एक तरफ़ देश में चुनावी माहौल गरमा चुका है वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक फ़िल्म, जिसमें अभिनेता विवेक ओबेरॉय मोदी के किरदार में नजर आएंगे, भी खूब चर्चा बटोर रही है । पीएम नरेंद्र मोदी नाम की इस फ़िल्म का जहां पहला पोस्टर पहले ही खूब सुर्खियां लूट चुका है अब फ़िल्म में नरेंद्र मोदी बने विवेक ओबेरॉय के 9, लुक सामने आए है जिसने एक बार फ़िर इस फ़िल्म के प्रत्याशा को बढ़ा दिया है । बता दें कि सामने आए ये 9 लुक दरअसल, मोदी के एक आम आदमी के संघर्ष और जुनून को दर्शाती है । एक साधारण कार्यकर्ता से प्रधानमंत्री बनने तक मोदी के जीवन के में जो अहम राजनीतिक पड़ाव आए, उन सभी को इस फ़िल्म में दिखाया जाएगा ।

पीएम नरेंद्र मोदी बायोपिक के लिए विवेक ओबेरॉय के ये 9 लुक मोदी के जीवन के अलग-अलग पड़ाव को दर्शाते हैं

विवेक ओबेरॉय ने पीएम नरेंद्र मोदी के लिए खासी तैयारी की

गौरतलब है कि, फ़िल्म में से सामने आए विवेक के 9 लुक को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में नरेंद्र मोदी के जीवन के किस किस हिस्से को लिया गया है । आपातकाल से लेकर मोदी के हिमालय प्रवास और प्रधानमंत्री बनने तक का लुक इसमें नजर आ रहा है ।

7 से 8 घंटे लगते थे मेकअप में

फ़िल्म से जुड़े सूत्रों ने खुलासा किया है कि इस फ़िल्म के लिए विवेक ने भी खासी मेहनत की है । सूत्र ने बताया कि, '“अत्यधिक समर्पित अभिनेता विवेक आनंद ओबेरॉय फ़िल्म के लिए सुबह 2.30 बजे उठते हैं, इन लुक के लिए हर दिन 7 से 8 घंटे की मेकअप प्रक्रिया से गुजरते तब जाकर सुबह 8 बजे तक शूटिंग के लिए तैयार हो पाते । प्रोस्थेटिक्स के कारण, शूटिंग होने तक (एक दिन में) विवेक सिर्फ़ तरल पदार्थों का सेवन कर पाते ।''

अन्य बड़े कलाकार भी फ़िल्म से जुड़े

पीएम नरेंद्र मोदी की बायोपिक में जहां विवेक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किरदार में नजर आएंगे । वहीं उनके अलावा अन्य बड़े स्टार भी अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे । मनोज जोशी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की भूमिका में नजर आएंगे । एक इंटरव्यू के दौरान मनोज जोशी ने कहा था- ''यह मेरे लिए एक शानदार मौका है । अमित शाह जैसे लीडर को बड़े पर्दे पर निभाने को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं । किरदार के लिए जब मुझे कॉल किया गया तो मैंने तुरंत हां कर दिया ।''

वहीं फिल्म में बोमन ईरानी प्रसिद्ध बिजनेसमैन रतन टाटा का किरदार निभा रहे हैं । इसके अलावा फिल्म में दर्शन कुमार, प्रशांत नारायणन, जरीना वहाब, बरखा बिष्ट सेनगुप्ता, अंजन श्रीवास्तव, यतीन कार्येकर, राजेंद्र गुप्ता और अक्षत आर सलूजा जैसे सितारे भी नजर आएंगे । फिल्म में नरेंद्र मोदी के संघर्ष से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा ।

यह भी पढ़ें : FIRST LOOK: पीएम नरेंद्र मोदी बायोपिक फ़िल्म में विवेक ओबेरॉय ने लिया हू-ब-हू मोदी लुक

ओमंग कुमार के निर्देशन में बन रही फ़िल्म पीएम नरेंद्र मोदी की कहानी संदीप एस सिंह ने लिखी है । इस फ़िल्म का निर्माण सुरेश ओबेरॉय, आनंद पंडित और आचार्य मनीष मिलकर कर रहे हैं । यह फ़िल्म 12 अप्रैल 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।