
साल 2017 कुछ अच्छा साल नहीं रहा है । 10 महीने बीत चुके हैं और अभी तक बॉलीवुड में 200-300 करोड़ तो दूर की बात, 150 करोड़ रु कमाने वाली फ़िल्म भी हिट के रूप में सामने नहीं आई, जो हर साल इस समय तक तो आ ही जाती है । ट्यूबलाइट, जब हैरी मेट सेजल और रईस जैसी फ़िल्मों से ऐसी उम्मीद लगाई गई थी लेकिन यह फ़िल्में उम्मीद के मुताबिक परफ़ोर्म नहीं कर पाई । जॉली एल एल बी 2, टॉयलेट-एक प्रेम कथा, जुड़वा 2 और अब गोलमाल अगेन ने इस साल को बॉलीवुड के लिए खराब साल साबित होने से बचा लिया । क्योंकि ये फ़िल्में बॉक्सऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है । लेकिन फ़िर भी बॉलीवुड को एक अदद ब्लॉकबस्टर फ़िल्म की तलाश है ।
और ये सारी उम्मीदें संजय लीला भंसाली की महत्वाकांक्षी, ऐतिहासिक, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर अभिनीत फ़िल्म पद्मावती से लगाई जा रही है । और दूसरी उम्मीद सलमान खान, कैटरीना कैफ़ अभिनीत फ़िल्म टाइगर जिंदा है, से भी लगाई जा रही है । पद्मावती के बारें में कुछ कहा नहीं जा सकता लेकिन टाइगर जिंदा है निश्चित तौर पर ब्लॉकबस्टर बनने की काबिलियत रखती है और ये साबित किया हाल ही में रिलीज हुए इसके पोस्टर ने । जिसे देखकर फ़िल्म के लिए आपकी बेकरारी और ज्यादा बढ़ जाएगी ।
टाइगर जिंदा है, के इस पोस्टर में सलमान खान हमेशा की तरह काफ़ी डेशिंग और माचो मैन लग रहे है । आर्मी ग्रीन टी-शर्ट, सेट हेयर स्टाइल, गले में स्कार्फ़ उनके लुक को काफ़ी आकर्षक बना रहा है । जिस तरीके से उन्होंने मशीन गन को थामा हुआ है और दूसरे हाथ में लंबी गोला बारूद बेल्ट को पकड़ा हुआ है, उसे देखकर उनके रोमांचक अवतार का अंदाजा लगाया जा सकता है कि यकीनन फ़िल्म में सलमान के रोंगटे खड़े कर देने वाले एक्शन सीन देखने को मिलेंगे । और अब यदि पोस्टर में कैटरीना कैफ़ के लुक की बात करें तो, तो वह एक सरप्राइज की तरह दिखाई दे रही है । क्योंकि इसमें महज खूबसूरत अभिनेत्री की बजाए एक्शन सीन करती हुई कैटरीना नजर आ रही है और उनका ये अवतार इससे पहले कभी नहीं देखा गया । अपने दोनों हाथों में गन थामे कैटरीना कैफ़ के चेहरे पर वो गुस्सा काफ़ी जंच रहा है और यही उन्हें औरों से अलग बना रहा है । पोस्टर में गिरता हुआ हेलीकॉप्टर और सेपिया टोन, पोस्टर को काफ़ी ज्यादा आकर्षक बना रही है ।
जो काम नहीं करती है वो है इसकी टैगलाइन-"इस क्रिसमस, शांति रहेगी ।" यह टैगलाइन पोस्टर में दिखाई दे रहे एक्शन सीन पर फ़िट नहीं बैठ रही है । लेकिन इससे इतनी ज्यादा समस्या नहीं होगी, क्योंकि ज्यादातर सिनेप्रेमी पोस्टर पर ज्यादा ध्यान देते हैं बजाए टैगलाइन के ।
टाइगर जिंदा है, के इस पोस्टर ने यकीनन फ़िल्म के लिए उत्सुकुता को और ज्यादा बढ़ा दिया है । और अभी तो इसका ट्रेलर आना बाकी है, जिससे और ज्यादा उम्मीद लगाई जा रही है । यदि उसने भी दर्शकों को रोमांचित कर दिया तो फ़िर टाइगर जिंदा है, को साल 2017 की सबसे बड़ी हिट फ़िल्म बनने से कोई नहीं रोक सकता ।
















