बॉलीवुड की सबसे शानदार और सफ़ल प्रेम कहानी में से एक है शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान की प्रेम कहानी । इस साल शाहरुख खान के 52वें जन्मदिवस 2 नवंबर के दौरान, बॉलीवुड हंगामा ने शाहरुख खान और गौरी खान के आदर्शवादी रोमांस और उनकी जर्नी को दर्शाते हुए एक आर्टिकल छापा था जिसमें दोनों की प्रेम कहानी पर एक प्रकाश डाला था । शादी के इतने साल बाद भी दोनों के बीच का प्यार देखते ही बनता है । शाहरुख की महिला प्रशंसकों की लंबी लाइन होने के बावजूद भी गौरी का शाहरुख के प्रति प्यार जरा भी नहीं डगमगाया ।

कुछ महीने पहले, शाहरुख खान और गौरी खान ने होम डेकोर के प्रोडक्ट्स की लीडिंग कंपनी डी'डेकोर के नए विज्ञापन को शूट किया । इस एड को पुनीत मल्होत्रा द्दारा निर्देशित किया गया । शूटिंग के दौरान इस जोड़ी को निर्देशक ने काफ़ी पसंद किया । कल गौरी खान ने इस कैम्पेन का एक फ़ोटो अपने सोशल अकाउंट पर पोस्ट किया जिसे प्रशंसकों द्दारा खूब पसंद किया गया । इस तस्वीर में शाहरुख बड़े प्यार और केयर के साथ गौरी के हाथों को थामे कमर हाथ डाले हुए नजर आ रहे है । जबकि बहुत स्टाइल के साथ शाहरुख के कंधे पर हाथ रखे हुए नजर आ रही है । दोनों ही ब्लैक एंड व्हाइट ड्रेस में काफ़ी खूबसूरत नजर आ रहे है । और दोनों की जुगलबंदी की बात की जाए तो उसका तो कोई सानी ही नहीं है । इनकी बॉंडिंग को देखकर हर कपल को एक प्रेरणा मिलेगी, यह तय है ।

पुनीत मल्होत्रा ने आगे खुलासा किया कि, विज्ञापन की शूटिंग के दौरान शाहरुख खान ने गौरी खान को शूट समझाया । उनके एकल शॉट्स के दौरान, केयरिंग पति शाहरुख कहीं नजदीक बैठे हुए थे और उन्हें संकेत दे रहे थे । तब निर्देशक ने जाना कि दोनों में कितना प्यार है और दोनों एक दूसरे की आदतों को कितना बेहद अच्छी तरह से जानते है । उन्होंने यह भी कहा कि, गौरी खान पहले इस विज्ञापन को करने के लिए थोड़ी झिझक रही थी लेकिन फ़िर उन्हें करण जौहर ने समझाया ।

फ़िल्मों की बात करें तो, शाहरुख खान इन दिनों आनंद एल राय की आगामी फ़िल्म की शूटिंग में व्यस्त है । इस फ़िल्म में वह अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ़ के साथ नजर आएंगे । इस फ़िल्म में वह एक बौने के किरदार में नजर आएंगे । यह फ़िल्म अगले साल क्रिसमस के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।