
बादशाह से लेकर किंगखान तक, शाहरुख खान हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री में कई नामों से नवाजे जाते हैं । निस्संदेह देश और दुनिया भर में उनका स्टारडम फ़ैला हुआ है । भले ही आज वो एक सुपरस्टार हैं । लेकिन एक जमाना था जब वो एक साधारण से इंसान थे, जो दिल्ली के एक मध्यमवर्गीय परिवार से आते थे । उनकी जीवन यात्रा बहुत प्रेरक है, एक छोटे से टीवी स्टार से लेकर बॉलीवुड के पुरस्कार विजेता दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान ने अपने आपको साबित कर दिखाया । उनकी लंबी यात्रा के बीच, शाहरुख खान ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपनी जिंदगी के उतार-चढ़ाव के बारें में बताया और इतना ही नहीं उन्होंने अपनी पहली असफ़लता के बारें में खुलकर बताया ।
दिल्ली में सेंट कोलंबिया में अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए शाहरुख खान ने अपने बचपन के अनुभव के बारें में खुलासा किया, जिसने उन्हें असफ़लता और सफ़लता के बारें में सिखाया । वह अपने बैच के सबसे लोकप्रिय एथीलीट में से एक थे और वह उन खेल प्रतियोगिताओं,जहां वह अपने सीनियर्स के खिलाफ खड़े हो गए थे । "मुझे याद है, स्कूल में लड़कों, जो मुझसे थोड़े से बड़े थे, के खिलाफ़ 100 मीटर की दौड़ लगानी थी । उस समय मैं अपनी उम्र के लड़कों के साथ दौड़ रहा था और मैं काफ़ी आगे था ।”
लेकिन शाहरुख उस रेस में हार गए, और उस रेस ने उन्हें सफ़लता और असफ़लता का सबक सिखाया । "मैं छह या सात लड़कों में से पांचवें नंबर पर आया । जैसे ही रेस खत्म हुई, स्कूल के अधिकारी विजेताओं के पास पहुंचे और उन्हें फ़ुरती से मंच पर ले गए ।” इस बात को बताते हुए शाहरुख खान ने आगे कहा कि, "आसपास बहुत से लोग थे, लेकिन मेरे पास कोई नहीं आया ।"
"यह निराशाजनक था । लेकिन उस तरह भी नहीं कि आप रोएं या चिल्लाएं । विफ़लता आपको अकेला छोड़ देती है । सफ़लता बहुत से मास्टर्स, दोस्त और शुभ चितंक लेकर आती है । विफ़लता अकेली होती है ।” शाहरुख ने उस सबक को याद करते हुए कहा जो उन्होंने सीखा था ।
शाहरुख खान, जो हालिया रिलीज फ़िल्म रईस में नजर आए थे, बॉलीवुड के सर्वश्रेष्ठ अभिनेताओं में से एक हैं और उन्होंने फ़िल्मों में सफ़ल होकर टीवी कलाकारों की धारणा को ललकारा । शाहरुख खान पिछले कई दशकों से शीर्ष 10 सफल अभिनेताओं की सूची में अपनी जगह बनाए हुए हैं और अपनी बेहतरीन अदायगी से लगातार वाहवाही बटोर रहे हैं । अपनी आगामी फ़िल्मों के बीच, वह इन दिनों इम्तियाज अली की आगामी फ़िल्म द रिंग की तैयारियों में जुटे हुए हैं । इस फ़िल्म में उनके साथ अनुष्का शर्मा नजर आएंगी । इसके बाद, वह जल्द ही आनंद एल राय की आगामी फ़िल्म, जिसमें वह बौने का किरदार अदा करेंगे, की शूटिंग शुरू करेंगे ।
















