शाहरुख खान ने आखिरकार अपने करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड जीत लिया, जो तीन दशकों से ज्यादा लंबे उनके सफर में काफी समय से बनता था। 33 सालों से बेहतरीन अभिनय और बेमिसाल करिश्मे से भारतीय सिनेमा पर राज करने वाले इस सुपरस्टार ने सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला वीडियो शेयर किया। इसमें शाहरुख खान ने सरकार, ज्यूरी और अपने अनगिनत फैंस का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उन्हें 2023 में रिलीज़ हुई एटली निर्देशित जवान के लिए यह सम्मान दिलाया।

अपने 33 सालों के करियर में पहला नेशनल अवॉर्ड जीतने पर इमोशनल हुए शाहरुख खान- “धन्यवाद, अभी मैं सभी को आधा हग भेज रहा हूं…” ; डायरेक्टर एटली ने लुटाया प्यार-“ये मेरा पहला लव लेटर…”

शाहरुख खान ने जताई खुशी

शाहरुख खान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर धन्यवाद करते हुए वीडियो शेयर किया है और उसे अपने ख़ास अंदाज़ और इमोशन के साथ कैप्शन भी दिया है, “मुझे नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित करने के लिए धन्यवाद। जूरी, I&B मिनिस्ट्री का शुक्रिया… इस सम्मान के लिए भारत सरकार का आभार। मुझ पर बरसाए गए प्यार से मैं भावुक हूँ। आज सभी को आधा हग भेज रहा हूँ…”

इसी के साथ शाहरुख ने अपने वीडियो में कहा, “नमस्कार और आदाब । कहने की जरूरत नहीं कि राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होने पर मैं कृतज्ञता, गर्व और विनम्रता से अभिभूत हूं । ये एक ऐसा पल है जिसे मैं जीवन भर संजो कर रखूंगा । जूरी, अध्यक्ष और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का बहुत-बहुत धन्यवाद । उन सभी का, जिन्होंने मुझे इस सम्मान के योग्य समझा, धन्यवाद , राजू सर, सिड, एटली सर और उनकी टीम का धन्यवाद । जिन्होंने मुझे जवान में मौका दिया और मुझ पर भरोसा जताया । मैं अपनी बाहें फैलाकर अपना प्यार बांटना चाहता हूं, लेकिन मैं थोड़ा अस्वस्थ हूं । चिंता मत करो, बस पॉपकॉर्न तैयार रखो । मैं जल्द ही थियेटर्स में वापस आऊंगा ।”

यह जीत सिर्फ शाहरुख के लिए नहीं, बल्कि निर्देशक एटली के लिए भी एक ऐतिहासिक क्षण है। एटली, जिन्होंने शाहरुख को अब तक के सबसे अलग और दमदार अवतार में पेश किया, ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा, “मुझे बहुत खुशी हो रही है, शाहरुख सर । मैं बहुत खुश हूं कि आपको हमारी फिल्म जवान के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है । आपके साथ काम करना मेरे लिए बहुत भावनात्मक और प्रेरणादायक है । थैंक्यू सर मुझ पर भरोसा करने और इस फिल्म को बनाने का मौका देने के लिए । यह आपके लिए मेरा पहला लव लेटर है ।आगे और भी बहुत कुछ आना बाक़ी है । शाहरुख सर, आपके आस-पास होना ही एक बड़ा आशीर्वाद है । एक फैनबॉय होने के नाते आपके साथ काम करना एक फिल्म बनाना और शाहरुख के मास मोड को प्रेजेंट करना भगवान का आशीर्वाद है । आखिरकार, भगवान इतने दयालु हैं कि उन्होंने हमें लाइफ का सबसे शानदार पल वापस दिया है । इससे ज्यादा कुछ नहीं मांग सकता । यह मेरे लिए  यह काफी है । मैं आपका सबसे बड़ा फैनबॉय हूं। आपसे बहुत प्यार करता हूं ।”

View this post on Instagram

A post shared by Atlee Kumar (@atlee47)

एटली ने इस सफर के लिए गौरी खान, रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और अपनी टीम का भी खासतौर पर शुक्रिया अदा किया। जवान सिर्फ एटली की हिंदी डेब्यू फिल्म नहीं थी, बल्कि यह उनका ड्रीम प्रोजेक्ट था, जिसने साउथ और बॉलीवुड के बीच की दीवारें तोड़ीं। और आज, शाहरुख को उनका पहला नेशनल अवॉर्ड दिलाकर अटली ने खुद को इंडियन सिनेमा के सबसे बड़े गेम-चेंजर निर्देशकों की कतार में खड़ा कर दिया है।

ये सिर्फ SRK के लिए ही नहीं, बल्कि उन लाखों फैंस के लिए भी बड़ा पल है, जो उन्हें सालों से पर्दे पर चमकते देख रहे हैं। ये नेशनल अवॉर्ड उनके करियर के लिए बहुत अहम वक्त पर आया है, जब उन्होंने 2023 और 2024 में लगातार हिट फिल्मों के साथ शानदार वापसी की और फिर से दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाया।