साल 2018 में हॉलीवुड से शुरू हुए ‘मीटू’ कैंपेन (यौन उत्पीड़न के ख़िलाफ़ मुहिम) की आग बॉलीवुड तक आ गई थी । और इसकी चपेट में कई बड़े चेहरे भी आए और उसी में से एक थे फिल्ममेकर साजिद खान । ‘मीटू’ के तहत साजिद खान पर कई आरोप लगाए गए जिसने उनकी जिंदगी मुश्किल में डाल दी । बीते 6 साजिद की जिंदगी के सबसे टफ साल साबित हुए और इसका खुलासा ख़ुद साजिद ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में किया है । उन्होंने बताया कि कैसे पिछले 6 साल के अंदर उन्होंने कितनी बार सुसाइड करने के बारे में सोचा ।

मीटू विवाद में नाम आने के बाद साजिद खान ने पिछले 6 सालों में देखे अपने सबसे बुरे दिन ; छलका दर्द- “पैसों की तंगी देखी, करियर बर्बाद हुआ, कितनी बार सुसाइड करने के बारे में सोचा”

मीटू विवाद ने साजिद खान की जिंदगी में मुश्किल में डाला

साजिद खान ने हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में मीटू विवाद के बाद आए उन 6 सालों को याद किया जो उनकी जिदंगी की सबसे खराब दौर रहा । इतना ही नहीं फिल्म एंड टेलिविजन डायरेक्टर्स असोसिएशन से ग्रीन फ्लैग मिलने के बाद भी उनके पास 6 साल तक कोई काम नहीं था। साजिद ने बताया, “ये मेरी जिंदगी का सबसे खराब दौर रहा है। फिल्म एंड टेलिविजन डायरेक्टर्स असोसिएशन से हरी झंडी मिलने के बाद भी मेरे पास 6 साल तक काम नहीं रहा। मैं 14 साल से इस फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहा हूं। मेरे पिताजी के बाद हम सारे भाई-बहनों ने यहां काम करना शुरू किया था। मुझे खुशी होती कि मेरी मां ये देखती कि मैं फिर से अपने पैरों पर खड़ा हो रहा हूं। मैं अपने करियर के सबसे बुरे दौर से बीते 6 साल में गुजरा हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “अब हर कोई यूट्यूब पर ऐसा करता है, लेकिन अपने करियर के शुरुआती दिनों में, मैं सिर्फ सुर्खियां बटोरने के लिए सनसनीखेज बातें करता था। जब मैं टीवी पर काम करता था तो मेरा काम लोगों का मनोरंजन करना था। मैं कई लोगों को नाराज करता था। जब मैं आज अपने कुछ इंटरव्यू देखता हूं, तो मुझे लगता है कि मैं टाइम मशीन लेकर वापस जाऊं और उस आदमी को रोक दूं – कहूं, ‘बेवकूफ, तुम क्या कह रहे हो? तुम इतने बेबाक क्यों हो?’ शब्दों का कोई महत्व नहीं है, काम का महत्व है। क्योंकि मैं बहुत बेबाक था, इसलिए मैंने लोगों को नाराज किया। जब भी मुझे इसका एहसास होता, मैं माफी मांगता, लेकिन जब काम बंद हो जाता है, तो आप अपने जीवन पर सवाल उठाने लगते हैं। मैं शांत हो गया हूं। मैं अब सिर्फ काम करके जीना चाहता हूं।”

बता दें कि साल 2018 में ‘मीटू’ कैंपेन में नाम आने के बाद साजिद खान को हाउसफुल 4 की शूटिंग को बीच में छोड़ना पड़ गया था ।