सुपरहिट तमिल फ़िल्म विक्रम वेधा के हिंदी रीमेक से ॠतिक रोशन के ‘वेधा’ लुक के बाद अब मेकर्स ने सैफ़ अली खान के ‘विक्रम’ लुक को शेयर कर दिया है । इस फ़िल्म में सैफ़ अली खान पुलिस ऑफ़िसर के किरदार में नजर आएंगे ।

विक्रम वेधा के हिंदी रीमेक से रिलीज हुआ सैफ़ अली खान का इंटेस ‘विक्रम’ लुक, 30 सितंबर को रिलीज होगी फ़िल्म

सैफ़ अली खान का विक्रम लुक

‘विक्रम’ लुक में सैफ़ चश्मा लगाए काफी इंटेंस लुक में दिखाई दे रहे हैं । सैफ़ की फ़िटनेस उनके लुक को काफ़ी आकर्षक बना रही है । ऋतिक ने इस लुक को पोस्ट करते हुए लिखा, “विक्रम- बेहतरीन कलाकार और साथियों में से एक, जिनका मैं सालों से प्रशंसक रहा हूं, अब उनके साथ काम करने के अनुभव को उम्रभर संजोकर रखूंगा । विक्रम वेधा का इंतजार है ।”

ॠतिक जहां गैंगस्टर वेधा की भूमिका निभा रहे हैं वहीं सैफ़ अली खान विक्रम, जो एक पुलिस ऑफ़िसर है, के किरदार में दिखाई देंगे । यह पहली बार होगा जब ॠतिक और सैफ़ एक साथ एक फ़िल्म में नजर आएंगे । इसके अलावा फ़िल्म में राधिका आप्टे भी अहम रोल निभाती हुईं नजर आएंगी ।

विक्रम वेधा एक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसमें पुलिस और गैंगस्टर की कहानी को दिखाया गया है । यह फिल्म माइथोलॉजिकल कहानी विक्रम-वेताल से प्रेरित है । यह 2017 में इसी नाम से रिलीज हुई सुपरहिट तमिल फिल्म की रीमेक है ।

विक्रम वेधा के हिंदी रीमेक को पुष्कर और गायत्री ही डायरेक्ट कर रहे हैं जिसने इसकी ऑरिजनल तमिल फ़िल्म विक्रम वेधा डायरेक्ट की थी । यह फ़िल्म 30 सितंबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।