
इस साल मिलन लुथरिया की आगामी फ़िल्म बादशाहो बहुप्रतिक्षित फ़िल्मों में से एक है । इस फ़िल्म में मिलन लुथरिया और इमरान हाशमी एक बार फ़िर साथ काम कर रहे हैं । आपको बता दें कि इससे पहले मिलन लुथरिया और इमरान हाशमी ने फ़िल्म वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई और डर्टी पिक्चर में एक साथ काम किया था । इन दोनों फ़िल्मों की अलग स्टोरीलाइन के अलावा फ़िल्म में इमरान हाशमी का किरदार ज्यादा चर्चा का विषय बन गया है ।
एक बार फ़िर मिलन लुथरिया और इमरान हाशमी का मैजिक दर्शकों को लुभाने के लिए तैयार है । बादशाहो में इमरान का किरदार एक आवारा, स्ट्रीट स्मार्ट राजस्थानी, जो विदेशी पर्यटकों से कपड़े और सामान लेने में दिलचस्पी रखता है, का है । इस फ़िल्म में वह डेनिम जैकेट, स्लीवलैस शर्ट, बूट्स चाप स्टाइल ट्राउजर मेम नजर आएंगे । इस फ़िल्म में सोने पर सुहागा है उनके वन लाइनर्स, जिसके लिए वह हमेशा जाने जाते हैं । फ़िल्म के करीबी सूत्र के मुताबिक, इमरान हाशमी को अपने किरदार में घुसने के लिए तीन महीने तक बहुत ही जोशपूर्ण तरीके से काम करना पड़ा ।

इमरान हाशमी के अलावा बादशाहो में अजय देवगन, ईशा गुप्ता, विद्युत जामवाल और इलियाना डिक्रूज अहम भूमिका में नजर आएंगी । मिलन लुथरिया द्दारा निर्देशित फ़िल्म बादशाहो इस साल 1 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















