अभिनेता आर माधवन के बेटे वेदांत ने अन्य स्टार किड की तुलना में फ़िल्मों में आने की बजाए खेल में अपना नाम कमाया और देश के लिए मेडल भी जीता । वेदांत माधवन ने डेनिश ओपन 2022 में मेल के 800 मीटर फ्रीस्टाइल में गोल्ड जीता है और इसी इवेंट में 500मीटर फ्रीस्टाइल में सिल्वर मैडल जीता । प्राउड फ़ादर आर माधवन के लिए ये पल यकीनन प्राउड मोमेंट है । वहीं वेदांत ने अपनी इस उपलब्धि पर हाल ही में दिए अपने इंटरव्यू में कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनके पैरेंट्स ने बहुत मेहनत की है । इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि वह अपने पिता की छाया में नहीं रहना चाहता थे और खुद का नाम कमाना चाहते थे ।

देश के लिए गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने पर आर माधवन के बेटे वेदांत ने कहा, “मैं सिर्फ आर माधवन का बेटा नहीं बनना चाहता बल्कि खुद का नाम कमाना चाहता हूं”

आर माधवन के बेटे वेदांत ने देश के लिए जीता मेडल

दूरदर्शन इंडिया को दिए इंटरव्यू में वेदांत ने कहा, “मैं अपने डैड की शैडो में नहीं रहना चाहता था । मैं खुद से अपना नाम कमाना चाहता था । मैं सिर्फ आर माधवन का बेटा नहीं बनना चाहता था ।” वेदांत ने ये भी बताया कि कैसे पैरेंट्स ने उनके लिए काफी एफर्ट किया है । उन्होंने आगे कहा, “वो हमेशा मेरा ध्यान रखते हैं । दोनों ही बहुत मेहनत करते हैं । मेरे पैरेंट्स ने जो सबसे ज्यादा त्याग किया है, उनमें से एक दुबई में शिफ्ट होना था ।”

बता दें कि, वेदांत की बेहतर प्रैक्टिस सेशन के लिए आर माधवन और उनकी फैमिली पिछले साल दुबई चले गए थे । उस समय माधवन ने बॉलिवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में कहा था, “मुंबई में बड़े स्विमिंग पूल या तो कोरोना के कारण बंद हैं या सीमा से बाहर हैं । हम यहां वेदांत के साथ दुबई में हैं, जहां उसे बड़े स्विमिंग पूल मिले हैं । वो ओलंपिक के लिए तैयारी कर रहा है और सरिता (उनकी वाइफ) और मैं उसके साथ हैं ।”

वेदांत ने अक्टूबर में जूनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप में महाराष्ट्र के लिए टोटल 7 मेडल जीते थे । उन्होंने बेंगलुरु के बसवनगुडी एक्वाटिक सेंटर में आयोजित स्व‍िमिंग चैंपियनशिप में 4 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए थे । वेदांत ने 800 मीटर फ्रीस्टाइल स्व‍िमिंग, 1500 मीटर फ्रीस्टाइल स्व‍िमिंग, 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल स्व‍िमिंग और 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल स्व‍िमिंग रिले इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था। 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्व‍िमिंग इवेंट में उसने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया था। इस पर फैंस समेत कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर आर माधवन को बधाई भी दी थी। इसके अलावा बेटे की अच्छी परवरिश के लिए भी माधवन की तारीफ की थी ।