आज ही हमने आपको आगामी फ़िल्म मणिकर्णिका के सेट से, जो इन दिनों जयपुर में लगा हुआ है, कुछ झलकियां दिखलाई थी । कंगना रानौत सहित फ़िल्म की पूरी टीम इन दिनों जयपुर के आमेर के किले में अपनी फ़िल्म की शूटिंग कर रही है । और अब हमारे पास है आई फ़िल्म के सेट से कुछ एक्सक्लूसिव झलकियां जिन्हें देखकर आपको कंगना के शाही लुक का अंदाजा लग जाएगा । इस फ़िल्म में कंगना रानौत रानी लक्ष्मीबाई के अहम किरदार को निभाती हुई नजर आएंगी ।

कंगना रानौत पहले ग्रीन कलर के अनारकली ड्रेस में नजर आईं थी और अब एक बार फ़िर अनारकली ड्रेस में कंगना का लुक दिल जीत रहा है । सर पर पगड़ी बांधी कंगना के आउटफ़िट से लेकर उनकी ज्वैलरी, सभी उनके लुक को काफ़ी भव्य बना रहे है । लेकिन इन तस्वीरों को जो सबसे ज्यादा आकर्षक बना रहा है वो है उनका शाही भारी-भरकम तलवार को अच्छे से थामना ।

तस्वीरों और सेट की भव्यता का अंदाज लगवाती ये तस्वीरें बयां कर रही हैं कि यहां फ़िल्म का बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा फ़िल्माया जा रहा है । कंगना ने हाल ही में एक सीन शूट किया था जिसमें वह एक परंपरा को निभाती हुई भीगी हुई नजर आईं थी और उनका ये लुक सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ ।

फ़िल्म के बारें में बात करें तो, कंगना रानौत की फ़िल्म मणिकर्णिका, की शुरूआत वाराणसी से हुई थी । साउथ के निर्देशक कृष द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म 27 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।