बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने बेमिसाल अभिनय से हर किसी का दिल जीत रखा है । इन दिनों नवाजुद्दीन सिद्दीकी हीरोपंती 2 में अपने अनूठे किरदार को लेकर लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं । और इसी के साथ नवाजुद्दीन अपने बयानों को लेकर भी इन दिनों छाए हुए है । हाल ही में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बॉलीवुड को लेकर बात की जिसमें उन्होंने बताया कि इन 3 चीजों को वह बॉलीवुड में बदलना चाहते हैं ।

बॉलीवुड में 3 चीजें बदलना चाहते हैं नवाजुद्दीन सिद्दीकी
इंडिया इकनोमिक्स कॉन्क्लेव 2022 में पहुंचे नवाजुद्दीन ने बॉलीवुड और साउथ फ़िल्मों को लेकर खुलकर बात की । इस दौरान नवाज ने कहा कि यदि उन्हें मौका मिला तो वह बॉलिवुड में तीन चीजें बदलना चाहेंगे । जब नवाज से पूछा गया कि, वह बॉलिवुड में क्या बदलाव चाहते हैं ? इस पर नवाज ने कहा कि, “मैं बॉलिवुड में तीन चीजें चेंज करूंगा । पहले तो नाम चेंज करूंगा । बॉलिवुड से बदलकर इसका नाम हिंदी फिल्म इंडस्ट्री रखूंगा । दूसरा जो स्क्रिप्ट रोमन में दी जाती है, उसे याद करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है । तो मैं देवनागिरी में मांगता हूं कि मुझे भाई देवनागिरी में दे दो ।
और तीसरी चीज ये कि सेट पर हिंदी बोलना, क्योंकि आप फिल्म तो हिंदी में बना रहे हो लेकिन डायरेक्टर भी, असिस्टेंट भी सारे इंग्लिश में बात कर रहे हैं । वो ऐक्टर की समझ में ही नहीं आ रहा । वो बस इंग्लिश में बोलते हैं और ऐक्टर की समझ में ही नहीं आता । अरे सीधा-सीधा बोल दे न यार । उससे परफॉर्मेंस पर असर पड़ता है । आधा-अधूरा सुनाई देगा न । ऐक्टर को भी आधी चीजें समझ में आ रही हैं और आधी नहीं समझ आ रही हैं ऐसा हो रहा है। एक्टिंग के दौरान भी बोलते हैं इंग्लिश में तो समझ नहीं आता ।”
नवाज ने साउथ की तारीफ़ की
इतना ही नहीं नवाज ने साउथ की तारीफ़ करते हुए कहा कि, “साउथ में अच्छी बात ये है कि वे तमिल है उसमें बात करते हैं और प्राउड फील करते हैं । कन्नड़ हैं तो प्राउड फील करते हैं। अब वहां सारे राइटर्स, वो भी कन्नड़ में बात करते हैं। स्क्रिप्ट राइटर, वो भी कन्नड़ हैं, तो सारे लोकल हैं । मेकअप जो कर रहा है, वो भी वहीं का है। डायरेक्टर भी कन्नड़ में बात कर रहा है। तमिल में बात कर रहा है या मलयाली में बात कर रहा है । तो उनका जो माहौल बनता है, वो तो कुछ न कुछ क्रिएट होगा ही न । सबको समझ आ रहा है, सबकी बातें ।
हमारे यहां सिर्फ ऐसा है । हिंदी फिल्म इंडस्ट्री बॉलिवुड में सिर्फ ऐसा है डायरेक्टर पता नहीं कौन-सी टेंडेंसी में बात कर रहा है । असिस्टेंट कुछ अपनी खीर बना रहा है । ऐक्टर बिलकुल अकेला खड़ा हुआ है । एक जो अच्छा ऐक्टर है, थिएटर का ऐक्टर है, जिसे इंग्लिश नहीं आ रही है, वो समझ ही नहीं पा रहा है कि क्या चल रहा है । उसके कैरेक्टर के बारे में बात कर रहे हो और उसे ही समझ नहीं आ रहा है ।”
इसके अलावा नवाज ने साउथ फ़िल्मों की सक्सेस और साउथ फ़िल्मों के फ़्लॉप रीमेक पर कहा कि, हिंदी सिनेमा ने साउथ की फिल्मों के कुछ ज्यादा ही रीमेक बना दिए हैं, जिसका नुकसान अब उठाना पड़ रहा है । नवाज का मानना है कि बॉलीवुड को अब अपनी गलतियों से सबक लेना चाहिए और आगे से सिर्फ ओरिजिनल फिल्में ही बनानी चाहिए ।
वर्क फ्रंट की बात करें तो नवाजुद्दीन जल्द ही टाइगर और तारा सुतारिया स्टारर हीरोपंती 2 में अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे । फिल्म में नवाज विलन की भूमिका निभा रहे हैं । यह फिल्म 29 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















