आपको, शाहरुख खान की हिट फ़िल्म ओम शांति ओम का एक बेहद चर्चित डायलॉग, 'अगर किसी चीज को दिल से चाहो, तो पूरी कायनात उसे तुमसे मिलाने की कोशिश में लग जाती है' तो जरूर याद होगा । यह डायलॉग हकीकत में सही साबित हो गया । भारत आई हुई इंडोनेशियन टीनेज लड़की मुटियार उल्ता हर्लिता, जिसकी जिंदगी का सबसे बड़ा सपना शाहरुख खान, जो बॉलीवुड को परिभाषित करते हैं , से मिलना था, आखिरकार पूरा हो गया ।

वैसे तो कई सारी लड़कियों का सपना शाहरुख खान से मिलने का होता है, लेकिन इस इंडोनेशियन टीनेज लड़की ने शाहरुख से मिलने का एक अलग ही तरीका अपनाया । इसने सोशल मीडिया पर शाहरुख से मिलने की इच्छा को एक मिशन का नाम देते हुए फ़ैलाया । मुटियार उल्ता हर्लिता ने शाहरुख के घर मन्नत के बाहर अपनी एक दोस्त के साथ डेरा डाला और लगातार सोशल मीडिया पर शाहरुख से मिलने की तीव्र इच्छा जताती रही । शाहरुख से मिलने की इच्छा लिए बैठी इन दोनों लड़कियों ने इस दौरान काफ़ी कम खाना खाया और उनके पास पैसे भी कम थे, लेकिन फ़िर भी ये सभी अड़चनें शाहरुख खान से उनकी मिलने की असीम महत्वाकांक्षा को रोक नहीं पाई ।

अपने आदर्श हीरो से मिलने की उम्मीद में बैठी इन लड़कियों को पूरे तीन दिन बाद अपने चहेते स्टार से मिलने का मौका मिला, क्योंकि खुद शाहरुख खान ने उन्हें सरप्राइज करते हुए सोशल मीडिया पर उनकी प्रार्थनाओं का जवाब दिया । शाहरुख खान ने उन लड़कियों को बताते हुए संदेश भेजा, 'मैंने आपके बारें में सुना और इसलिए मैं आपसे मिलूंगा ।' और जब शाहरुख खान उन दोनों लड़कियों से मिले तो इंडोनेशियन टीनेज लड़की मुटियार उल्ता हर्लिता ने सोशल मीडिया पर शाहरुख खान के साथ फ़ोटो पोस्ट करते हुए लिखा, 'बस एक परी कथा की तरह ...यह हमेशा सुखद अंत में समाप्त होता है …बहुत बहुत शुक्रिया मेरी कहानी सुनने का' “Just like a fairy tale… It always ends in happy ending…Thank u to hear my story @iamsrk @SRKFCI”.