
जब से शुजित सरकार की निर्देशन में बनने वाली फ़िल्म अक्टूबर, जिसमें वरुण धवन अहम भूमिका में नजर आएंगे, का ऐलान हुआ है, तब से इसने सभी को ये सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर इस फ़िल्म में वरुण के अपोजिट कौन सी अभिनेत्री को साइन किया जाएगा । इस मामले में कई अभिनेत्रियों के नाम के बारें में कयास लगाए गए लेकिन शुजित ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए इस फ़िल्म में वरुण के अपोजिट अभिनेत्री का चुनाव कर लिया है और वो हैं, बनिता संधु ।
शुजित अपनी फ़िल्मों में प्रतिभाशाली नए चेहरें को लॉंच करने के लिए जाने जाते हैं । मिनिषा लांबा (यहां) से लेकर यामी गौतम और आयुष्मान खुराना (विक्की डोनर) तक, सभी प्रतिभाशाली कलाकारों के लिए उन्होंने एक मेंटर की भूमिका निभाई ।
बनिता लंदन की रहने वाली है । उन्होंने इससे पहले कई विज्ञापनों में काम किया है । इसके अलावा बनिता शुजित द्वारा निर्देशित रेगली के डबलमिंट (एक अजनबी हसीना से) टेलीविजन कमर्शियल के लिए काम कर चुकी हैं ।
"जब रोमांस की शैली की बात आती है, तो एक फ़्रेश जोड़ी देखना हमेशा अच्छा रहता है । नई जोड़ी की जबरदस्त कैमिस्ट्री के साथ आप अपने आपको शुरूआत से जोड़ पाते हो, और यही वो अहम कारण है जिसकी वजह से मैंने बनिता को इस फ़िल्म में वरुण के अपोजिट चुना ।” शुजित सरकार ने कहा ।
अक्टूबर के बारे में बात करते हुए, राइजिंग सन फिल्म्स के निर्माता रोनी लाहिरी कहते हैं, "राइजिंग सन फिल्म्स पर, हमारा प्रयास हमेशा यही रहता है कि हम ऐसी कहानियां बनाए जिससे दर्शक जुड़ सके और वो उनके जेहन में बस जाएं । उम्मीद करते हैं कि अक्टूबर उस दिशा में एक और कदम होगा ।"
अपनी पिछली सफ़ल फ़िल्में (विक्की डोनर, पिक्कू) को बनाने के बाद एक बार फ़िर शुजित सरकार जुही चतुर्वेदी के साथ इस फिल्म के लिए सहयोग कर रहे हैं, ये सहयोग इसे और भी रोमांचक बना देगा । यह फ़िल्म 1 जून 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















