जैसा की यह ज्ञात तथ्य है की बी-टाउन सेलिब्रिटी अपने नए साल का जश्न अपने पसंदीदा जगह पर मनाना पसंद करते है । वैसे तो हॉलीडे सीजन खत्म हो चुका है लेकिन कुछ कलाकारों के लिए अब भी जारी है । जहां कुछ सितारें छुट्टियां मनाकार वापस अपने काम पर लौट आए हैं वहीं कुछ सितारें अब भी अपने हॉलीडे को एंजॉय कर रहे है । और उन्हीं में से एक हैं बॉलीवुड की धक धक गर्ल माधुरी दीक्षित ।
आपको बता दें कि नए साल के जश्न के लिए माधुरी अपने परिवार के साथ जापान गईं थी और उसी वेकेशन की एक झलक उन्होंने अपने फ़ैंस के साथ शेयर की । माधुरी ने जापान विजिट की एक तस्वीर शेयर की जिसमें वह समुराई मुकुट पहने और हाथ में तलवार पकड़े हुए नजर आ रही है । ऐक्ट्रेस ने अपने ट्विटर पर बुधवार को इस फोटो को शेयर किया । इसे पोस्ट करते हुए माधुरी ने लिखा, 'समुराई मुकुट और तलवार पकड़कर देखी । विश्व में योद्धाओं को इस प्रकार की चीजें पहनने और घोड़े की सवारी करते हुए तलवार के साथ लड़ने के लिए काफी मजबूत होना पड़ता है । समुराई योद्धाओं को सलाम ।'
फ़िल्मों की बात करें तो, माधुरी दीक्षित पिछली बार अपनी फ़िल्म गुलाब गैंग में नजर आईं थी । माधुरी दीक्षित एक नृत्य शिक्षक के रूप में अपने कार्यकाल का आनंद ले रही हैं क्योंकि उन्होंने एक ऑनलाइन नृत्य अकादमी खोली है वो भी डिजिटल । इसके अलावा, हालिया खबरों के मुताबिक, माधुरी जल्द ही आगामी फ़िल्म टोटल धमाल में अपने 90 के दशक के अभिनेता अनिल कपूर के साथ नजर आएंगी ।
















