
जैसा की हम सभी को पता है कि हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता विनोद खन्ना अब इस दुनिया में नहीं रहे हैं और उनकी कमी हर किसी को खल रही है, चाहे वो उनके परिवारजन हों या उनके करीबी दोस्त या फ़िर उनके सह-कलाकार, हर कोई उनके आक्समिक निधन से सदमें में है । विनोद खन्ना के साथ कई फ़िल्मों में काम कर चुकी माधुरी दीक्षित ने हाल ही में उन्हें याद किया ।
दरअसल माधुरी दीक्षित अपने पति डॉ. श्रीराम नेने के साथ कोरियोग्राफर टेरेंस लुइस द्वारा निर्देशित इंडो कंटेम्पररी डांस फेस्टिवल ‘जुगनी’ में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं, वहां माधुरी दीक्षित ने कुछ फिल्मों में अपने सह-कलाकार रहे दिवंगत विनोद खन्ना को याद किया और कहा कि, 'विनोद जी बहुत ही बेहतरीन कलाकार थे । वो श्रेष्ठतम अभिनेताओं में से एक थे । मैंने जब उनके साथ काम किया था, तो मैं बहुत नई और बहुत छोटी थी । मैं अक्सर (सेट पर) उन्हें ऑब्जर्व किया करती थी । एक फिल्म थी, जो कि एक कमर्शियल फिल्म तो नहीं थी । विनोद खन्ना कि उस फिल्म का नाम ‘अचानक’ था, जिसमें उन्होंने बेहतरीन काम किया था । हमारी पीढ़ी के कलाकारों ने उनके साथ काम करके बहुत कुछ सीखा है । उनका यूं चले जाना बेहद दुखद है ।'
आपको याद दिला दें की माधुरी दीक्षित ने विनोद खन्ना के साथ जमीन, महासंग्राम, दयावान जैसी कुछ फिल्मों में साथ काम किया था । 1988 में रिलीज हुई दयावान में माधुरी दीक्षित ने विनोद खन्ना के अपोजिट काम किया था और फिल्म में दोनों के बीच हुआ एक बेहद हॉट किसिंग सीन काफ़ी चर्चित हुआ था ।
आपको बता दें कि उस वक्त फिल्म की कहानी से ज्यादा चर्चा फिल्म में विनोद खन्ना और माधुरी दीक्षित के बीच फिल्माए गए स्मूच और लव मेकिंग सीन की हुई थी । लेकिन इस फिल्म में बोल्ड सीन करने के बाद ही माधुरी को अजीब महसूस होने लगा था और फिल्म करने के तीन-चार साल बाद ही एक इंटरव्यू में उन्होंने कबूल भी किया कि दयावान में किए गए किसिंग सीन के लिए उन्हें पछतावा है ।
















