आज राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी दिल्ली में 64वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार का वितरण करेंगे । आपको बता दें की अक्षय कुमार को उनकी फिल्म रुस्तम के लिए बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड और सोनम कपूर की फिल्म नीरजा को बेस्ट फिल्म के नेशनल अवॉर्ड दिया जाएगा, वहीं उत्तर प्रदेश को मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट के तौर पर चुना गया है ।

अक्षय कुमार अपने पहले नेशनल अवार्ड को लेकर बहुत ही उत्साहित हैं क्योंकि आज उन्हें अपना पहला राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होगा । 64वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में खुद को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के तौर पर चुने जाने के बाद अक्षय कुमार खुशी से फ़ूले नहीं समा रहे हैं और उन्होंने अपनी इस खुशी को अपने प्रशंसकों के साथ बांटा और सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने प्रशंसकों से जुड़े । अक्षय ने अपने इस वीडियो को #DirectDilSe के तहत शेयर किया और मिलने वाले सम्मान के प्रति सभी का आभार व्यक्त किया  । इसी के साथ अक्षय ने अपने इस वीडियो में दिल को छू लेने वाला संदेश दिया जो आज के दवाब भरे समय के लिए बिल्कुल सटीक है और शायद अपने चहेते स्टार की ये प्रेरक बात सुनकर देश में हो रहीं आत्महत्याएं कुछ कम हो जाएं ।

अक्षय कुमार ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस दिल को छू लेने वाले वीडियो को शेयर करने की वजह बताते हुए कहा कि  'हाल ही में एक खबर ने उनको बुरी तरह हिलाकर रख दिया था । उन्होंने पढ़ा था कि IIT के एक स्टूडेंट ने पढ़ाई के दबाव में आकर खुदकुशी कर ली ।'  इसी के साथ अक्षय कुमार ने अपने पुराने दिनों को भी याद किया । अपना वक्त याद करते हुए अक्षय ने शेयर किया कि एग्जाम में उनके नंबर भी कम आए थे और वह फेल हो गए थे ।  तब उनके पिता ने उनसे पूछा था कि वह करना क्या चाहते हैं?  इस पर अक्षय ने बताया कि उनकी रुचि स्पोर्ट्स में हैं तो उनके पापा ने उनसे कहा कि वह खेलें लेकिन साथ ही थोड़ा ध्यान पढ़ाई पर भी जरूर दें । जान मार्क्स शीट से सस्ती नहीं है ।

अक्षय ने करीब 5 मिनट के इस वीडियो में बताया कि रिपोर्ट के मुताबिक करीब 8 लाख लोग दुनिया भर में आत्महत्या कर लेते हैं और इनमें से करीब डेढ़ लाख मामले सिर्फ भारत में हैं । इसकी बड़ी वजह है पढ़ाई

और रिश्तों के टूटने का स्ट्रेस । अक्षय ने वीडियो में एकदम सटीक सवाल उठाया है कि क्या जान मार्क्स शीट से सस्ती है और क्यों ऐसा कदम उठाने वाले कभी अपने मां-बाप के बारे में नहीं सोचते । सीमा पर तैनात जवानों से सीख लेने की बात के साथ अक्षय कुमार ने खुदकुशी करने वालों को समझाया कि अगर मरना है तो सरहद पर चले जाओ । अक्षय ने बोला कि जैसे हर ताले की चाबी होती है, उसी तरह हर समस्या का उपाय है । खुदकुशी करने से कोई समस्या नहीं सुलझती । इसी के साथ ही उन्होंने बड़ों से बच्चों को वक्त देने की बात कही । अक्षय ने कहा कि अगर स्ट्रेस या डिप्रेशन है तो डॉक्टर से बात करनी चाहिए । बातचीत करने से ही मसले सुलझते हैं ।