कंगना रानौत, जो इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म मणिकर्णिका : द कवीन ऑफ़ झांसी, की शूटिंग में व्यस्त है, जोधपुर में खतरनाक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान घायल हो गई ।

दरअसल कंगना जोधपुर के मेहरानगढ़ किले में फिल्म के उस सीक्वेंस की शूटिंग कर रही थीं जब रानी लक्ष्मीबाई ने अपने बेटे दामोदर राव को पीठ से बांधकर 40 फीट ऊंची दीवार से घोड़े की पीठ पर छलांग लगा दी थी । कंगना इसी सीन की शूटिंग कर रही थीं, जो सही तरीके से हो न सकी । बच्चे को बचाने के चक्कर में कंगना का पैर घायल हो गया ।

इसके बाद तुरंत कंगना को अस्पताल ले जाया गया । एक्स-रे रिपोर्ट में लिगामेंट मुड़ने की बात कही गई है । वैसे अच्छी बात ये है कि कंगना अपने हिस्से की बड़े-बड़े पोर्शन की शूटिंग कर चुकी है और ये उनका अंतिम खतरनाक स्टंत था जो उन्होंने खुद किया ।

बुधवार की दोपहर, कंगना रानौत मुंबई लौटी और और उनके दाएं पैर में एक प्लास्टर बंधा हुआ नजर आया । एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर पर आते हुए कंगना के चेहरे पर एक स्माइल थी जिसे फ़ोटोग्राफ़र ने अपने कैमरे में कैद किया ।