ॠतिक रोशन की फ़िल्म कोई मिल गया बॉलीवुड की कल्ट फ़िल्मों में शुमार है । इस फ़िल्म ने ॠतिक रोशन के करियर को भी एक अलग मुकाम पर पहुंचा दिया था । साल 2003 में आई साई-फ़ाई फ़िल्म कोई मिल गया में ॠतिक रोशन और एक एलियन 'जादू' की दोस्ती को दर्शाया गया था । और अब इतने सालों बाद ॠतिक रोशन ने इस फ़िल्म के एक रहस्य से पर्दा हटाया है ।

ॠतिक रोशन ने इतने सालों बाद कोई मिल गया में ‘जादू’ के एक्स्ट्रा अंगूठे का राज खोला

ॠतिक रोशन ने खोल दिया राज

फ़िल्म में ॠतिक ने रोहित मेहरा का किरदार निभाया था । एलियन के किरदार 'जादू' को सभी ने खूब पसंद किया था । हाल ही में जब एक शख्स ने कोई मिल गया देखी तो उसने ट्विटर पर ॠतिक से सवाल किया, “टीवी पर कोई मिल गया देख रहा हूं और एक अजीब बात पर नज़र गयी । जादू को क्या जानबूझकर एक अतिरिक्त अंगूठा दिया गया था जैसे कि रोहित मेहरा का था । दोनों किरदारों के बीच इस संबंध के पीछे बड़ा कारण क्या था ?”

इसके जवाब में ॠतिक ने कहा, “हां, यह इसलिए किया गया था ताकि रोहित उसके साथ जुड़ाव महसूस कर सके । लेकिन हमें यह कुछ ढककर रखना पड़ा, क्योंकि अंगूठा वैसा नहीं दिख रहा था, जैसा मुझे चाहिए था । मेरे दोस्त आपकी नज़र पैनी है । सुरक्षित रहिए ।”

यह भी पढ़ें : ॠतिक रोशन ने कृष 4 में ‘जादू’ के कमबैक का दिया सबसे बड़ा हिंट

बता दें कि ॠतिक की सुपरहीरो फ़्रैंचाइजी कृष की शुरूआत फ़िल्म कोई मिल गया से ही हुई थी । इस फ़िल्म में एक मनुष्य और एक एलियन के बीच की खूबसूरत दोस्ती को दर्शाया गया था । जल्द ही इस सीरिज की चौथी किश्त कृष 4 को भी बनाया जाएगा ।