गजनी, क्वीन जैसी कई सुपरहिट फ़िल्में देने वाले फिल्म निर्माता मधु मंटेना ने 11 जून 2023 को अपनी लेडी लव इरा त्रिवेदी से शादी रचाई । दूसरी बार शादी के बंधन में बंधे मधु मंटेना ने परिवार और क़रीबियों की मौजूदगी में योग विशेषज्ञ और लेखिका इरा त्रिवेदी के साथ सात फेरे लिए । मधु मंटेना और इरा त्रिवेदी के वेडिंग रिसेप्शन में तमाम फ़िल्मी सितारें शामिल हुए । लेकिन साउथ स्टार अल्लू अर्जुन, ऋतिक रोशन और आमिर खान ने सभी का ध्यान अपनी और आकर्षित किया ।

मधु मंटेना और इरा त्रिवेदी के ग्रैंड वेडिंग रिसेप्शन में आमिर खान, ऋतिक रोशन और अल्लू अर्जुन की आइकॉनिक बॉन्डिंग ने जीता फ़ैंस का दिल ; सोशल मीडिया पर वायरल हुईं अनदेखी इनसाइड पिक्चर्स

अल्लू अर्जुन और ऋतिक रोशन की बॉन्डिंग

मधु मंटेना और इरा त्रिवेदी के वेडिंग रिसेप्शन की कुछ अनदेखी इनसाइड पिक्चर्स सामने आई हैं जिसमें ऋतिक रोशन, आमिर खान और अल्लू अर्जुन की बॉन्डिंग हर किसी का ध्यान अपनी खींच रही है । जैसे ही अल्लू अर्जुन ने ऋतिक को देखा तो वह उन्हें गले लगाने से ख़ुद को रोक नहीं पाए । आमिर, ऋतिक और अल्लू की मुलाक़ात का ये आइकॉनिक मोमेंट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है ।

रविवार को ट्रेडिशनल तरीके से शादी रचाने के बाद मधु मंटेना और इरा त्रिवेदी ने उसी शाम को जेडब्ल्यू मैरियट होटल में एक ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी होस्ट की, जहां बी-टाउन के कई सेलिब्रिटीज पहुंचे थे । मधु और इरा की वेडिंग रिसेप्शन पार्टी में ऋतिक रोशन, आमिर खान,अल्लू अर्जुन के अलावा कार्तिक आर्यन, रकुल प्रीत सिंह, सारा अली खान, सोनाक्षी सिन्हा, हुमा कुरैशी, सबा आजाद, राजकुमार राव, पत्रलेखा जैसे कई सेलेब्स नजर आए ।

फ़िल्म प्रोड्यूसर मधु ने जहां अपनी शादी में मैचिंग पायजामा के साथ बेज रंग का कुर्ता पहना था, वहीं दुल्हन बनी इरा ने गुलाबी कांजीवरम साड़ी पहनी । इरा त्रिवेदी ने शादी की तस्वीरों को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा, “मैं अब पूरी हो गई हूं ।” 

मधु मंटेना की पहली शादी फैशन डिजाइनर मसाबा गुप्ता से हुई थी । मधु और मसाबा वर्ष 2015 में शादी के बंधन में बंधे थे । हालांकि, चार साल बाद ही दोनों ने अलगाव का फैसला कर अपनी राहें अलग कर लीं । मसाबा ने भी इसी साल एक्टर सत्यदीप मिश्रा से दूसरी शादी की है ।