
साल 2015 में, जब सलमान खान और शाहरुख खान एक साथ छोटी स्क्रीन पर नजर आए, तो उस शो के एक एपिसोड की छप्पर फ़ाड़ कर टीआरपी आई । और वो शो था 'बिग बॉस', जी हां, सलमान खान द्दारा होस्ट किया गए इस शो के वीकेंड पर प्रसारित हुए एक एपिसोड में शाहरुख खान अपनी फ़िल्म का प्रमोशन करने पहुंचे थे । जिसने सबसे बेहतरीन टीआरपी का रिकॉर्ड बनाया । और अब एक बार फ़िर दोनों खान एक साथ इस शो पर फ़िर साथ नजर आए । लेकिन इस बार इनके साथ आने में कुछ खास बात भी थी, इस बार सलमान खान और शाहरुख खान का साथ सनी लियोन ने दिया । दरअसल, शाहरुख खान बिग बॉस में अपनी फ़िल्म रईस का प्रमोशन करने पहुंचे थे ।
आपको बता दें कि सनी लियोन ने शाहरुख खान की फ़िल्म रईस में एक आइटम नंबर किया है जो 80 के दशक का जीनत अमान पर फ़िल्माया गया लोकप्रिय गाना 'लैला मैं लैला' का रीमेक है । रईस में एक छोटी सी भूमिका निभाने के बाद सनी लियोन को सलमान खान और शाहरुख खान के साथ एक छोटा सा एक्ट करने का मौका मिला । सनी ने सलमान-शाहरुख के साथ पुरानी फ़िल्म 'दीवार' का एक छोटा सा सीन किया जिसमें सलमान खान ने शशि कपूर और शाहरुख खान ने अमिताभ बच्चन का किरदार निभाया ।
अत्यधिक प्रशंसा करते हुए अपने इस अनुभव के बारे में सनी लियोन ने बताया कि, सलमान खान बहुत बढ़िया और मजेदार हैं, वहीं शाहरुख खान बहुत विनम्र, दयालु और उदार इंसान हैं । सनी ने खुलासा किया कि वह इस मुलाकत से बहुत खुश थीं क्योकि उनकी सलमान से मुलाकात काफ़ी लंबे समय बाद हुई । सनी ने याद करते हुए बताया कि पिछली बार वह क्रिकेट के मैदान पर सलमान से मिली थी । वहीं दूसरी तरफ़, सनी, जिसे शाहरुख खान के साथ काम करने का मौका मिला, ने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्होंने शाहरुख खान के साथ काफ़ी अच्छा समय बिताया ।
सनी लियोन ने खुलासा किया कि बिग बॉस के सेट पर आने के बाद उनकी यादें ताजा हो गईं । क्योंकि यहीं से सनी ने भारतीय मनोरंजन के क्षेत्र में अपना सफ़र शुरू किया था ।
दिलचस्प बात ये है कि सनी लियोन अपनी अगली रोमांटिक थ्रिलर फ़िल्म तेरा इंतजार में सलमान खान के भाई अरबाज खान के साथ नजर आएंगी ।
















