
यह सभी को पता है कि आलिया भट्ट अपने परिवार, खासकर अपनी मां, सोनी राजदान के बेहद करीब है । जब भी वह काम से फ़्री होती है, वह अपना समय अपनी मां के साथ बिताना ज्यादा पसंद करती है । वैसे तो आलिया अक्सर अपने शूटिंग शेड्यूल में व्यस्त रहती है । हाल ही में जब आलिया ने राजी की शूटिंग खत्म की तो फ़िल्म के सेट पर उनकी मां सोनी राजदान पहुंची ।
गुरुवार के दिन, सोशल मीडिया के ट्रेंड को फ़ोलो करते हुए आलिया भट्ट ने अपनी एक पुरानी तस्वीर को शेयर किया । ये थ्रोबैक तस्वीर तब की है जब वह कुछ ही महीनों की थी । इस तस्वीर में छोटी सी आलिया अपनी मां सोनी राजदान की बांहों में नजर आ रही है । इस फ़ोटो को पोस्ट करते हुए आलिया ने लिखा, “Throwback to the person who always has my back, hands and legs! My life manual – Mama #throwbackthursday.”
फ़िल्मों की बात करें तो, आलिया भट्ट जल्द ही मेघना गुलजार की आगामी फ़िल्म राजी में विक्की कौशल के साथ नजर आएंगी । यह फ़िल्म 11 मई 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । इसके अलावा वह जोया अख्तर की फ़िल्म गुल्ली बॉय में रणवीर सिंह के साथ और अयान मुखर्जी की फ़िल्म ब्रह्मास्त्र में रणबीर कपूर के साथ नजर आएंगी ।
















