साल 2023 की शुरुआत हो चुकी है लेकिन फ़िल्म इंडस्ट्री के लिए ये साल भी उतना अच्छा साबित नहीं हो रहा, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के लिहाज़ से, जितना की उम्मीद कि गई थी । एक के बाद एक फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर पिट रही हैं । ऐसे में एक बार फिर शहजादा, भोला जैसी साउथ की रीमेक फ़िल्मों पर सवाल खड़ा हो गया है । बॉलीवुड के दिग्गज और प्रतिष्ठित ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने खुलकर इस बात को कहा की अब कोई भी रीमेक देखना पसंद नहीं करता जबकि वो ऑरिजनल पहले ही देख चुके हैं ।

EXCLUSIVE: बॉलीवुड में फ्लॉप होती फ़िल्मों और रीमेक के बढ़ते ट्रेंड पर तरण आदर्श ने कहा- “जब लोग पहले ही ऑरिजनल देख चुके हैं तो रीमेक कौन देखेगा”

अब कोई भी रीमेक देखना पसंद नहीं करता

बॉलीवुड हंगामा के साथ हुई एक्सक्लूसिव बातचीत में तरण आदर्श ने खुलकर इस बात को कहा, लोग अब रीमेक्स नहीं देखना चाहते हैं । वो जब ऑरिजनल देख चुके हैं तो फिर लोग रीमेक को क्यों देखेंगे ।

तरण ने आगे कहा, “जैसा कि मैंने पहले भी कहा की किसी भी एक्टर को उसके पिछले शुक्रवार (फ़िल्म की रिलीज़ का फ़र्स्ट डे) के हिसाब से जाना जाता है इस फ़िल्म इंडस्ट्री में । कार्तिक की पिछली हिट फ़िल्म भूल भुलैया 2 का ओपनिंग डे कलेक्शन 14 करोड़ के क़रीब रहा वहीं शहज़ादा का सिर्फ़ 6 करोड़ रू ही रहा । भूल भुलैया 2 के बाद से कार्तिक बॉलीवुड के बड़े एक्टर बन गए और इसलिए उनकी फ़िल्म से उम्मीद बढ़ना भी लाज़िमी है । इस फ़िल्म इंडस्ट्री में चाहे वो डायरेक्टर हो, प्रोड्यूसर हो या एक्टर उन्हें ये लगता है कि फ़िल्म उनकी वजह से ही हिट हुई है । जबकि सच्चाई ये है कि फ़िल्म सभी की मेहनत से हिट होती है । शहज़ादा में भी कार्तिक ने ही बस अच्छा काम किया था अन्यथा ये फ़िल्म तो बहुत बेकार थी ।