तापसी पन्नू, जो इन दिनों अपनी आगामी रियल लाइफ़ स्पोर्ट्स ड्रामा शाबाश मिट्ठू को प्रमोट करने में बिजी, का शाहरुख खान के साथ काम करने का सपना पूरा होने जा रहा है । शाहरुख खान और तापसी पन्नू जल्द ही राजकुमार हिरानी की फ़िल्म डंकी में पहली बार स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगे । हालांकि इससे पहले तापसी और शाहरुख ने एक साथ काम किया है लेकिन बतौर एक्टर और प्रोड्यूसर बनकर । लेकिन अब तापसी और शाहरुख एक दूसरे के को-स्टार बनकर डंकी में काम करते हुए नजर आएंगे । हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ हुई बातचीत में तापसी पन्नू ने कहा, शाहरुख खान के साथ काम करना आपकी आदत खराब कर सकता है ।

डंकी में तापसी पन्नू और शाहरुख खान
डंकी में शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करने के बारें में तापसी ने बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए इंटरव्यू में कहा, “शाहरुख जिस तरह का सम्मान और प्यार अपने को-स्टार्स के प्रति दिखाते हैं, वो असल में आपकी आदत को खराब कर सकता है ।”
तापसी ने आगे यह भी कहा कि उन्हें ये देखकर अच्छा लगता है कि कैसे शाहरुख खान की फ़िल्मों में उनके साथ काम कर रहीं महिला कलाकार का नाम पहले आता है । तापसी ने कहा, “मैंने एक दर्शक के रूप में जो देखा वो मेरे लिए काफ़ी अलग है । मेरी ज्यादातर फ़िल्मों में मैं ही लीड एक्ट्रेस होती हूं तो उसमें मुझे फ़र्स्ट क्रेडिट देना समझ आता है । लेकिन शाहरुख सर की फ़िल्मों में महिला कलाकार का नाम पहले आना, वाकई अच्छा फ़ील कराता है । असल में बॉलीवुड में अपनी फ़िल्मों में शाहरुख सर ने ही ये ट्रेंड शुरू किया था । अब डंकी में भी ये ट्रेंड फ़ोलो होता है या नहीं, ये देखने वाली बात है ।”
बता दें कि डंकी से पहले शाहरुख और तापसी ने फ़िल्म बदला में एक साथ काम किया था । लेकिन इस फ़िल्म में तापसी और अमिताभ बच्चन ने लीड रोल निभाया था वहीं शाहरुख ने बतौर प्रोड्यूसर इस फ़िल्म का हिस्सा बने । शाहरुख के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलिज एंटरटेनमेंट के तहत बदला को प्रोड्यूस किया गया था ।
डंकी की बात करें तो, इस फ़िल्म में तापसी और शाहरुख पहली बार सिल्वर स्क्रीन पर एक्टिंग करते हुए नजर आएंगे । राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बन रही डंकी 22 दिसंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















