अभिनेत्री, फ़िल्ममेकर और अब राजनेता बनी कंगना रनौत एक बार फिर अपनी फ़िल्म इमरजेंसी से बॉलीवुड में वापसी कर रही हैं । इस फ़िल्म में कंगना रनौत भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रोल में नज़र आने वाली हैं । इमरजेंसी में न केवल कंगना रनौत ने एक्टिंग की है बल्कि इसे डायरेक्ट और प्रोड्यूस भी किया है । बॉलीवुड में बिना किसी गॉडफादर के इस मुक़ाम पर पहुँची कंगना कभी किसी ग्रुप का हिस्सा नहीं और यही बात उन्हें और अभिनेत्री से अलग बनाती है । हाल ही में बॉलिवुड हंगामा को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कंगना ने बॉलीवुड के ग्रुपिज्म पर खुलकर बात की साथ ही बताया कि क्यों वह किसी लॉबी में शामिल नहीं और न ही किसी ग्रुप का हिस्सा बनी ।

EXCLUSIVE: बिना किसी ग्रुप का हिस्सा बने बॉलीवुड में अपनी जगह बनाने पर कंगना रनौत ने कहा- “मैंने बस काम किया, सुपरस्टार बनने की इच्छा कभी नहीं रखी, अपनी कोई कमज़ोरी नहीं बनाई”

कंगना रनौत ने बॉलीवुड में बिना किसी गॉडफादर के बनाई अपनी जगह

बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कंगना से जब पूछा गया कि, ‘साल 2004 में जब आप फ़िल्म इंडस्ट्री में आईं तो क्या तब ऐसा लगा कि, चलो मैं भी किसी ग्रुप में शामिल हो जाती हूँ ताकि काम मिलना आसान हो जाए ?’ इसके जवाब में कंगना ने कहा, “मेरी जर्नी थोड़ी अलग है । जब आप इस भावना से आते हैं कि आपको सुपरस्टार बनना है, तो ये आपकी कहीं न कहीं कमज़ोरी बन जाती है । लेकिन करना क्या चाहिए, आपको बस अपना काम करते रहना चाहिए, फिर देखिए लाइफ़ आपको कहाँ से कहाँ ले जाती है । मेरी ये कभी कमज़ोरी नहीं थी कि मुझे सुपरस्टार बनना है, यदि ऐसा होता तो मैं भी उन लोगों से जुड़ जाती जिन लोगों ने इसका दारमोदार लेकर रखा हुआ है । मैं तो बस अपना काम करती जा रही हूँ, पहले एक्टिंग, फिर डायरेक्शन, प्रोडक्शन, राइटिंग, मैं तो बस चलती जा रही हूँ । मैंने इस मामले में अपनी कमज़ोरी नहीं बनाई ।

कंगना ने आगे कहा, “आज के यंगस्टर्स अपने आपको एक दायरे में समेट लेते हैं । हाँ मैं अपने क्राफ़्ट में बेहतर होना चाहती थी । मुझे जो भी काम दिया जाता है उसे मैं शिद्दत से पूरा करती हूँ । जब मुझे फ़ैशन फ़िल्म मिली थी, तब प्रियंका चोपड़ा तो मिस वर्ल्ड थी और बाक़ी की स्टार्स टॉप मोस्ट मॉडल थी । मैं अकेली ऐसी थी जो थिएटर से आई थी । तो भले ही मुझे 15-20 मिनट का रोल मिला हो, लेकिन मैं उसके लिए महीनों-महीनों रिहर्सल करती रहती थी । फ़िल्म के दौरान न मेरी भावना किसी को नीचा दिखाने की थी, न ही ये कि, मुझे बहुत सारे अवॉर्ड्स मिल जाए । मेरी बस एक ही इच्छा रहती है कि मुझे जो भी काम दिया जाए उसे मैं अच्छे से पूरा करूँ । यही काम के प्रति संजीदगी, मैंने अपने काम में हमेशा से रखी है । इंसान में विनम्रता होनी चाहिए जो आज की पीढ़ी में तो बिल्कुल नहीं है । कर्म करने से पहले ही फल के पीछे पड़ गए हैं । कई बार तो डर लगता है कि ऐसी ही सोच वाली पीढ़ी रही तो देश का क्या होगा ।”

इमरजेंसी की बात करें तो, इसमें कंगना के अलावा अनुपम खेर, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमन, श्रेयस तलपड़े और दिवंगत सतीश कौशिक जैसे दिग्गज कलाकार भी शामिल हैं, जो उस दौर के प्रमुख किरदारों को निभाते हुए नज़र आने वाले हैं । यह फ़िल्म 6 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।