बॉक्स ऑफ़िस पर सुपरहिट बनकर उभरी हॉरर-कॉमेडी फ़िल्म मुंज्या में अपनी एक्टिंग से सभी को इंप्रेस कर देने वाले अभिनेता अभय वर्मा अब बॉलीवुड के उभरते हुए अभिनेता तो बन ही गए हैं साथ ही डिमांडिंग अभिनेता में से एक भी बन गए हैं । थिएटर में शानदार कमाई के बाद अब मुंज्या OTT पर रिलीज न होकर पहले टीवी प्रीमियर के लिए पूरी तरह से तैयार है । हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अभय वर्मा ने मुंज्या के दौरान आई चुनौतियों के बारें में खुलासा किया । साथ ही बताया कि क्यों मुंज्या ने OTT से पहले टीवी पर आने का विकल्प चुना ।

मुंज्या का OTT से पहले स्टार गोल्ड पर टीवी प्रीमियर
अभय वर्मा- मुझे लगता है टीवी एक ऐसा माध्यम है जो हमारे देश को जोड़ता है और ये हमेशा से जोड़नेवाला माध्यम रहा है । और मुंज्या स्टार गोल्ड पर 24 अगस्त को प्राइम टाइम पर आ रही है और ये टाइम ऐसा है जिसमें पूरी फ़ैमिली एक साथ बैठकर टीवी देखती है । और मैं इसके लिए बहुत एक्साइटेड हूँ की लोग फिर से फ़ैमिली के साथ बैठकर टीवी पर मुंज्या देखेंगे । क्योंकि, ये फ़िल्म फ़ैमिली के साथ आराम से एंजॉय कर सकते हैं। और जहां तक ट्रेंड सेट करने की बात है तो हमेशा ऐसा काम करना चाहिए जो एक अलग उदाहरण सेट करे और मैं इसकी कोशिश हमेशा से करता हूँ । और स्टार गोल्ड, जो भारत के सबसे बड़े प्लेटफ़ार्म में से एक है, के साथ मुझे ये मौक़ा मिला है तो मैं इसके लिए बहुत खुश हूँ । क्योंकि बचपन से ही मैं स्टार गोल्ड को देखता आया हूँ।
फ़र्स्ट टाइम हॉरर-कॉमेडी करने की फ़ीलिंग
अभय वर्मा - (हंसते हुए) हम इतने टाइम से सेट पर शूट कर रहे थे तो एक टाइम बाद हम एक दूसरे की शक्लों को देखकर ही डरने लग गए थे । हाँ, कोंकण में थोड़ा बहुत डर ज़रूर लगा था क्योंकि वो एरिया ही वैसा है । वो एरिया अभी एक्सप्लोर नहीं हुआ है, बहुत घना जंगल है, कोई भी जानवर कहीं भी, कभी भी आ सकता है वहाँ । असल में वो उन्हीं (जानवर) का इलाक़ा है और हमने उन्हीं के इलाक़े में शूट किया और उन्होंने हमें बिना किसी रुकावट के अच्छे से ट्रीट किया इसलिए हम अच्छे से शूट कर पाए ।
डर से ज्यादा मज़ा बहुत आया क्योंकि हमें इस दौरान ऐसे लोगों और ऐसी फ़िल्म में काम करने का मौक़ा मिला जो बहुत अलग है । क्योंकि यह फ़िल्म अन्य फ़िल्मों से काफ़ी अलग है, क्योंकि हर शॉट हम तीन बार ले रहे थे, VFX का काम बहुत था, तो शूट करते वक्त मुझे बहुत कुछ इमेजिन करना पड़ता था, ऐक्टर्स के साथ एक अच्छा बॉन्ड बन गया था, तो बहुत फ़ैमिली टाइप फ़ीलिंग थी जो स्क्रीन पर नज़र भी आई है ।
मुंज्या CGI कैरेक्टर था इसे शूट करना कितना मुश्किल रहा
अभय वर्मा- शूटिंग के दौरान थोड़ी मुश्किल तो हुई थी, क्योंकि बहुत सारी चीजें थी जो माइंड में रखनी थी, एक तो आप उस एक्टर से बात करते हो जो है, लेकिन मुंज्या एक ऐसा एक्टर था जो कभी सेट पर आया ही नहीं । वो मस्ती से अपना 100 करोड़ एंजॉय कर रहा है बिना सेट पर आए । मैंने असल में दो एक्टर्स का काम किया है एक तो अपना और दूसरा मुंज्या का । क्योंकि मुझे पता नहीं है मुंज्या रिएक्ट कैसे करने वाला है । इसलिए मैंने सब कुछ दिमाग में लेके शूट किया । मैं बीच-बीच में अपने डायरेक्टर से पूछता भी रहता था कि, ‘सर ये ठीक तो जा रहा है न’। तो सर मुझे बोलते थे कि तू बस मस्ती से अपना काम कर सब ठीक ही जा रहा है ।
बॉडी लैंग्वेज की बात करुं तो थोड़ा मुश्किल तो होता है क्योंकि पीठ पर बैठे हुए मुंज्या को फ़ील कर एक्टिंग करना काफ़ी मुश्किल था ।
एक और बात मैं शेयर करना चाहता हूं जब हमारा तीसरा दिन था शूटिंग का और 40 दिन बाकी थे शूट के, तो उस दौरान स्टंट करते समय मेरा स्पाइन फ़्रेक्चर हो गया था । मैं दीवार में जाकर लगा और मेरी पीठ बैंड हो गई । तो ये हेयर लाइन फ़्रेक्चर मेरे किरदार के लिए सही साबित हो गया क्योंकि मुझे पीठ को झुकाकर ही एक्टिंग करनी थी । पूरे शूट को मैंने दर्द में रहकर किया है । मैं सुबह फ़िजियोथेरेपिस्ट के पास जाता था और फ़िर शूट करने आता था । और इसके बारें में मैंने किसी को भी नहीं बताया था कि मुझे इतना दर्द हो रहा है ।
थिएटर में सक्सेफुल होने के लिए क्या ज़रूरी है
अभय वर्मा - ये सोचना ही नहीं चाहिए कि ये थिएट्रिकल पर अच्छा परफ़ॉर्म करेगी या नहीं । मुंज्या के टाइम पर मैंने ये सोचा ही नहीं था कि ये थिएटर में कैसी चलेगी । क्योंकि हम मेकिंग प्रोसेस को इतना एंजॉय कर रहे थे कि, और अपने आस-पास के लोगों को जैसे शरवरी, मोना मेम, सुहाश जोशी तरण कि हमने कभी सोचा ही नहीं कि इसका रिजल्ट क्या होगा । तो मेरा मानना यही है कि सोचिए मत, बस काम करते जाइए क्योंकि आजकल की जनता ऐसी है कि यदि आप दिल से काम करोगे तो वो दिल से उसे स्वीकार कर लेंगे । हमने दिल से मुंज्या बनाई और लोगों ने उतने ही बडे दिल से उसे स्वीकारा भी ।
मुंज्या 2 की कोई अपडेट
अभय वर्मा - मैं भी मुंज्या 2 का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि, कब मैं मुंज्या 2 के सेट पर जाऊं । मुझे लगता है कि मुंज्या को ही लोगों ने इतना प्यार दे दिया है कि मुंज्या 2 के लिए हमें डबल मेहनत करनी होगी अब।
दिनेश विजन द्वारा प्रस्तुत, मुंज्या का निर्देशन आदित्य सरपोतदार ने किया है। फिल्म का निर्माण दिनेश विजन और अमर कौशिक ने किया है । 7 जून 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई मुंज्या अब 24 अगस्त को स्टार गोल्ड पर शाम 8 बजे आएगी ।
















