बॉलीवुड अभिनेता फरदीन खान ने अपने फ़ैट टू फ़िट ट्रांसफ़ोर्मेशन से सभी को चौंका दिया था । साल 1998 में फ़िल्म प्रेम अगन से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाले फरदीन पिछली बार साल 2010 में आई दूल्हा मिल गया में नजर आए थे । इसके बाद फ़रदीन ने पर्सनल कारणों से फ़िल्मों से दूरी बना ली थी । लेकिन अब फ़ाइनली फरदीन खान फ़िर से फ़िल्मों में वापसी कर रहे हैं वो भी एक हॉरर ड्रामा विस्फ़ोट के साथ । इस फ़िल्म में फ़रदीन के साथ रितेश देशमुख भी नजर आएंगे । पूरे 11 सालों बाद फ़रदीन खान बॉलीवुड में वापसी करने पर उत्साहित हैं । इस बारें में फ़रदीन ने बॉलीवुड हंगामा से सबसे पहले खुलकर बात की । इंटरव्यू के दौरान फरदीन खान ने बॉडी शेम और उनको लेकर हुई ट्रोलिंग पर भी अपनी चुप्पी तोड़ी ।

फरदीन खान ने झेली ट्रोलिंग
फरदीन अपने बढ़े हुए वजन को लेकर लगातार ट्रोल हुए लेकिन अब उनके फ़िट लुक ने सभी को हैरान कर दिया है । बॉलीवुड के सबसे हैंडसम अभिनेता में से एक होने से लेकर ट्रोलिंग तक के बारें में फ़रदीन ने कहा कि, “मुझे बॉडी शेमिंग की गई जो कि मेरे लिए मुश्किल भरी थी । मेरे बढ़े हुए वजन पर की गई ऐसी ट्रोलिंग मेरे लिए नई थी । या भारत में भी एक तरह से ये नई ही थी । इन्हें सहन करना मेरे लिए काफ़ी कठिन था क्योंकि मैं कभी भी ऐसा व्यक्ति नहीं रहा जिसका मजाक उड़ाया गया हो । जब मैंने फ़िल्म के सेट पर गलत डांस मूव्स कर दिए थे, बस तभी मुझे बेवकूफी महसूस हुई, इसके अलावा कभी ऐसा नहीं लगा । इसलिए मेरे लिए ये अनुभव काफ़ी मुश्किलों भरा था ।”
फ़रदीन ने आगे कहा कि, “ऐसा नहीं है कि मुझे पता नहीं था कि मेरा वजन पहले से काफ़ी ज्यादा बढ़ गया है । उस दौरान मेरा वजन इतना ज्यादा बढ़ गया था कि मुझे देखकर हर कोई हैरान हो गया था । जब मैंने भी अपनी तस्वीरें देखी थी तो मैं भी खुद उन्हें देखकर हैरान हो गया था । ऐसे समय में आप या तो आलोचनाओं पर काम करके उन्हें अपने फ़ेवर में ले सकते हैं या ऐसे ही सब चलने दे । लेकिन मैं ऐसा इंसान नहीं हूं जो लोगों की सहानुभूति लेने के लिए बैठा रहा कि लोग मुझे ट्रोल कर रहे है । मैंने अपने बढ़े हुए वजन को कम करने की ठान ली थी जिसमें मैं कामयाब हुआ ।”
इसके अलावा फ़रदीन ने इस बात को भी कहा कि ट्रोलिंग किसी के भी मानसिक स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है । खासकर उन लोगों पर जिन्हें नहीं पता कि इनके साथ कैसे डील करना है ।
वर्क फ़्रंट की बात करें तो फ़रदीन निर्देशक कुकी गुलाटी की फ़िल्म विस्फ़ोट के साथ अपना कमबैक कर रहे हैं । इस फ़िल्म में फ़रदीन के अलावा रितेश देशमुख, प्रिया बापट और क्रिस्टल डिसूजा भी अहम भूमिका मेंनजर आएंगी । संजय गुप्ता, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और अनुराधा गुप्ता द्वारा सह-निर्मित विस्फ़ोट 2022 में रिलीज़ होने की उम्मीद है ।
















