हॉलीवुड हो चाहे बॉलीवुड, महिला स्टार को पुरुष स्टार के समान वेतन मिलने की बात हमेशा से ही चर्चा का विषय रहती है । बॉलीवुड में कई बार इसे लेकर बहस भी छिड़ी है की महिला स्टार को पुरुष स्टार के समान फ़ीस क्यों नहीं दी जाती जबकि वह भी फ़िल्म में अपना पूरा योगदान देती है । इसी बीच गदर 2 एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने वेतन समानता पर अपना एक अलग ही नज़रिया पेश किया है जो यकीनन उन एक्ट्रेसस को आपत्तिजनक लग सकता है जो वेतन समानता पर खुलकर बात करती हैं । बॉलीवुड हंगामा के साथ हुई एक्सक्लूसिव बातचीत में अमीषा ने खुलकर कहा की कोई भी फ़िल्म हीरो की वजह से बिकती है इसलिए वह ज्यादा फ़ीस का हक़दार है ।

EXCLUSIVE: हीरो को हीरोइन से ज्यादा फ़ीस मिलने को अमीषा पटेल ने बताया एकदम सही और महिला स्टार को बताया ‘फाइटर’ ; कहा- “आख़िरकार फ़िल्म हीरो के नाम पर बिकती है इसलिए वह इसका हकदार है”

वेतन समानता पर अमीषा पटेल का अलग नज़रिया

बॉलीवुड हंगामा के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में जब अमीषा से पूछा गया कि, क्या बॉलीवुड में वेतन समानता मौजूद है ? तो अमीषा ने सीधे तौर पर इससे इनकार करते हुए कहा, “हॉलीवुड में भी ऐसा नहीं है । और सच कहूं तो, एक फिल्म हीरो के कंधों पर चलती है । हम उस सच से क्यों भाग रहे हैं ? मैं कह सकती हूं कि मैं भी चाहती हूं की मुझे भी अपने मेल को-स्टार जितनी फ़ीस मिले । लेकिन सच तो यह है कि फिल्म हीरो की वजह से बिक रही है इसलिए वह इसका हकदार है ।

अमीषा ने क्लीयर करते हुए कहा कि वह सच्चाई से भागना नहीं चाहती । इसके अलावा उन्होंने ख़ुद को फ़ीमेल फ़ाइटर भी बताया । एक्ट्रेस ने कहा, “मुझे सेट पर मेरे मेल को-स्टार जितना ही आराम दो ।" क्योंकि हम कठोर पर्यावरणीय परिस्थितियों में काम करते हैं । और मैं वास्तव में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करती हूं, एक लड़की के लिए यह कठिन है क्योंकि उसके पास मेकअप है; वह पतली शिफॉन साड़ी पहनकर बर्फ में शूट करना है जबकि हीरो ढेर सारी कपड़े पहनकर शूट करता है । इसलिए यह हमारे लिए पर्यावरण की दृष्टि से कठिन है ।

वेतन समानता पर अमीषा ने आगे कहा, “मैं यह कभी नहीं कहूंगी कि मुझे शाहरुख खान, सलमान खान, सनी देओल और अजय देवगन के समान वेतन चाहिए क्योंकि दर्शक उनके लिए आ रहे हैं । यदि हम प्रदर्शन करते हैं तो हम (महिला प्रमुख) एक महत्वपूर्ण भूमिका में काफी योगदान देते हैं । लेकिन अगर आप उठाएँ तो कितनी महिला-प्रधान फिल्मों ने वास्तव में बॉक्स ऑफिस पर वो कमाई की है जो एक सिंगल हीरो वाली फिल्म कर सकती है ? तो हम अपने आप को मूर्ख क्यों बनायें ? मैं मूर्ख नहीं बनना चाहती ।