ऋतिक रोशन के साथ अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री अमीषा पटेल लंबे समय से फ़िल्मों से दूर रहने के बाद एक बार फिर अपनी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म गदर: एक प्रेम कथा के सीक्वल, गदर 2 के साथ फ़िल्मों में अपनी वापसी कर रही हैं । गदर 2 के प्रमोशन में बिजी अमीषा पटेल ने हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ हुई एक्सक्लूसिव बातचीत में खुलासा किया उन्हें बॉलीवुड में हमेशा जज किया गया । क्योंकि फ़िल्मी फ़ैमिली से न होने के बावजूद भी वह लग्ज़री लाइफ़ अफ़ोर्ड करती थी ।

अमीषा पटेल ने बताया बॉलीवुड का ये सच
जब अमीषा पटेल से पूछा गया कि क्या किसी मेल स्टार को भी उसी तरह से जज किया जाता जैसा कि उन्हें किया जाता है, तो उन्होंने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “अगर मैं एक फिल्मी परिवार से होती और मैं मर्सिडीज में आती और मेरा हीरो मारुति 1000 में होता, तो मैं जज नहीं की जाती । गदर के लिए, जब मैं अनिल शर्मा के ऑफिस में गई, तो उन्होंने आज तक हर किसी से कहा, ‘तुम्हें पता है, मैंने कभी नहीं सोचा था कि वह कड़ी मेहनत करेगी । वह मर्सिडीज़ में आती थी, डिज़ाइनर कपड़े पहनती थी, और वह अपने हाथों में 1-2 करोड़ की कीमत की बड़ी सी रिंग पहनती थी । मुझे आश्चर्य हुआ कि क्या वह कड़ी मेहनत कर पाएगी । उसके अंदर वो आग ही नहीं है । लेकिन ये देखकर मुझे आश्चर्य हुआ कि उसने मुझसे ज्यादा मेहनत की ।’ हम किसी किताब को उसके कवर से आंकने की गलती करते हैं और हमें ऐसा नहीं करना चाहिए । इस फ़िल्म इंडस्ट्री निश्चित रूप से ऐसा बहुत होता है जो की दुखद है ।”
गदर 2 में एक बार फिर अमीषा पटेल और सनी देओल के साथ उत्कर्ष शर्मा (जिन्होंने दो दशक पहले उनके बेटे की भूमिका भी निभाई थी) जीते के रूप में दिखाई देंगे । निर्देशक-निर्माता अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित और ज़ी स्टूडियो द्वारा निर्मित, गदर 2, दो महीने बाद 11 अगस्त 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
















