साउथ की ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइज केजीएफ, कांतारा, सालार और बघीरा जैसी बड़ी फिल्में बनाने वाले प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स ने क्लीम प्रोडक्शंस के साथ मिलकर महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स बनाया जिसकी रिलीज हुई पहली फ़िल्म, महावतार नरसिम्हा बॉक्स ऑफिस पर अपनी सफलता से इतिहास रच रही है । 25 जुलाई को 3D में और पांच भारतीय भाषाओं में रिलीज हुई महावतार नरसिम्हा को ऑडियंस से अच्छा रिस्पॉन्स मिला । यह फ़िल्म भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार पर आधारित एक एनिमेटेड पौराणिक कथा है, जिसे आज की पीढ़ी को ध्यान में रख तैयार किया गया है । फ़िल्म में ग्लोबल स्टैंडर्ड के vfx और एनिमेशन का इस्तेमाल हुआ है । हाल ही में महावतार नरसिम्हा के डायरेक्टर अश्विन कुमार, प्रोड्यूसर शिल्पा धवन, होम्बले फिल्म्स के चालुवे गौड़ा और मशहूर डिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी ने अपनी सरप्राइज ऐनिमेटेड ब्लॉकबस्टर महावतार नरसिंह की सक्सेस मीट आयोजित की । आमतौर पर फिल्म इवेंट्स फाइव स्टार होटलों में होते हैं, लेकिन इस भक्ति फिल्म की सक्सेस प्रेस कॉन्फ्रेंस मुंबई के ISKCON मंदिर में आयोजित की गई ।

लाइव-एक्शन फिल्म बना रहे हैं अश्विन कुमार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डायरेक्टर अश्विन कुमार ने कन्फर्म किया कि वह इसके बाद दो और पौराणिक लाइव-एक्शन फिल्मों का निर्देशन करने की तैयारी में हैं – एक हॉरर फ़िल्म और दूसरी अर्धनारीश्वर । अश्विन कुमार का विज़न इन दोनों फिल्मों को एक बड़े मिथोलॉजिकल सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा बनाने का है, जिसमें वह संभवतः ऋतिक रोशन को दिव्य किरदारों में कास्ट कर सकते हैं । हालांकि अभी कुछ भी कन्फर्म नहीं है ।
जानकारी के मुताबिक, हॉरर फ़िल्म एक गहरी और अधिक इंटेंस कहानी होगी, जो पौराणिक कथाओं के गंभीर पहलुओं को पेश करेगी। वहीं, अर्धनारीश्वर एक मॉडर्न फैंटेसी सेटिंग में गढ़ी गई कहानी होगी, जो आध्यात्मिकता और समकालीन जीवन के मेल को दिखाएगी ।
इसके अलावा निर्देशक अश्विन कुमार ने यह भी कहा कि भारतीय स्पेशल इफेक्ट्स और ऐनिमेशन, हॉलीवुड की फिल्मों से अभी करीब 35 साल पीछे हैं । उन्होंने कहा, “ऐनिमेशन विदेशों में साबित हो चुका मार्केट है और हम अब भी भारत का ऐनिमेशन ही देख रहे हैं । इसका मतलब है, अगर भारतीय ऐनिमेशन को बड़े हॉलीवुड स्टाइल में पेश किया जाए तो यह कामयाब होगा और देखो, आप सबको यह महावतार नरसिम्हा के रूप में पसंद भी आ रहा है । मुझे याद है, 1995 में मैंने अपने कज़िन्स के साथ जुरासिक पार्क देखी थी, तब मैं छोटा था । भारत में अभी तक जुरासिक पार्क जैसी फिल्म नहीं बनी है । हम पहले ही 35 साल पीछे हैं, अगर आप उस स्तर की फ़िल्म डिलीवरी को देखें तो ।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारे पास शानदार कहानियां हैं, ये उनसे छीनने की बात नहीं है, लेकिन जब आप वीएफएक्स डिलीवरी और फिल्ममेकिंग को देखते हैं, तो मुझे लगता है हमें इन टूल्स को अपनाना होगा ताकि यह अंतर भर सके ।”
महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स 2025 में महावतार नरसिम्हा से शुरू होकर 2037 में महावतार कल्कि पार्ट 2 के साथ समाप्त होगी । यह पहल भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को आधुनिक सिनेमाई अंदाज में दुनिया के सामने लाने का एक खास प्रयास है ।
















