साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, निर्देशक और स्क्रिप्टराइटर अदिवी शेष बेहद कम समय में फ़िल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने में कामयाब हुए । उन्होंने 2010 में तेलुगु फिल्म करमा से बतौर अभिनेता और निर्देशक अपना करियर शुरू किया था । वह कई सफल तेलुगु फिल्मों का हिस्सा रहे हैं । मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की बायोपिक फ़िल्म मेजर उनकी पहली पैन इंडिया फिल्म है, जो हिंदी में भी रिलीज हुई और दर्शकों की कसौटी पर खरी उतरी । और अब उनकी एक और तेलुगु फिल्म हिट: द सेकेंड केस का हिंदी वर्जन 30 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगा ।

साउथ फ़िल्म इंडस्ट्री के नेपोटिज्म पर खुलकर बोले अदिवी शेष
हाल ही में बॉलीवुड हंगामा बेस्ट एक्टर्स राउंड टेबल 2022 में, आयुष्मान खुराना, विकी कौशल, रोहित सराफ, ईशान खट्टर, सुमीत व्यास और अदिवि शेष शामिल हुए जिन्होंने अपने-अपने करियर की ढेर सारी अनसुनी बातें की । उसी में से एक रही अदिवी शेष के साथ की गई बातचीत जिसमें अभिनेता ने नेपोटिज्म के मुद्दे पर खुलकर बात की और कहा की ये तो हर जगह है । इतना ही नहीं इंटरव्यू के दौरान अदिवी ने कहा कि तेलुगु फ़िल्म इंडस्ट्री में तो एक-एक फ़ैमिली में दस-दस हीरो होते हैं और अच्छी स्क्रिप्ट का लीड रोल उनके लिए बुक होता है ।
अदिवी ने कहा, “जब आप फ़िल्म इंडस्ट्री के बाहर से आते हो तो वो आपको फ़िल्म ऑफ़र नहीं करते ।इसके अलावा साउथ फ़िल्म इंडस्ट्री में एक-एक फ़ैमिली में दस-दस हीरो होते हैं । तो जब किसी फ़िल्म की अच्छी स्क्रिप्ट आती है तो आप उसमें च्वाइस नंबर 53 होते हैं यानि आप लीड रोल के लिए सलेक्ट नहीं होते बल्कि किसी और रोल के लिए सलेक्ट होते हैं । इतना ही नहीं वहाँ ऑडिशन कल्चर नहीं होता । यदि ऑडिशन होता भी है तो लीड रोल या अहम रोल के लिए नहीं होता है । आप वहाँ चौथे फ़्रेंड के लिए ऑडिशन कर सकते हो लेकिन लीड रोल के लिए नहीं कर सकते क्योंकि वह पहले ही बुक हो चुका होता है । अब क्योंकि हम इन चीजों को नहीं बदल सकते इसलिए हम अपने लिए खुद रास्ते बनाते हैं क्योंकि हमें पता है की ये तो हर जगह है ।”
एक्टर्स के बारें में और ज़्यादा जानने के लिए बॉलीवुड हंगामा पर पूरा देखें द एक्टर्स राउंड टेबल इंटरव्यू 2022 ।
















