
सलमान खान एक बार फ़िर चर्चित रिएल्टी टीवी शो बिग बॉस के नए सीजन को होस्ट करते हुए नजर आएंगे । इस बार इस शो का 11वां सीजन है । इस शो के प्रोमो की तैयारी पहले ही शुरू हो चुकी है । हाल ही में बिग बॉस 11 के लिए प्रमोशनल शूट किया गया गया और इस बार इसमें खास बात ये है कि इस बार सलमान खान के साथ टीवी के लोकप्रिय सीरियल 'नागिन' की लीड एक्ट्रेस मौनी राय भी नजर आईं ।
सोमवार के दिन, सलमान खान ने टीवी की 'नागिन' यानी मौनी रॉय के साथ बिग बॉस के प्रोमो की शूटिंग की । इस तस्वीर में साफ़ देखा जा सकता है कि सलमान खान ने भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी पहन रखी है जबकि मौनी ने डेनिम जैकेट और सफ़ेद रंग का टॉप पहना हुआ है । इन दोनों के आसपास जूनियर आर्टिस्ट बैठे हुए नजर आ रहे हैं ।
फ़िल्मों की बात करें तो, सलमान खान हाल ही में मोरक्को से अपनी फ़िल्म टाइगर जिंदा है के एक्शन सीन की शूटिंग कर वापस लौटे हैं । अली अब्बास जफ़र द्दारा निर्देशित इस फ़िल्म में सलमान खान के साथ कैटरीना कैफ़ नजर आएंगी । यह फ़िल्म 22 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । वहीं दूसरी तरफ़, मौनी रॉय, अक्षय कुमार के साथ आगामी फ़िल्म गोल्ड से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं , और यह फ़िल्म अगले साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज होगी ।
















