
अपने अमेरिकी टीवी शो की जबरदस्त सफ़लता के साथ प्रियंका चोपड़ा आज उस मुकाम पर पहुंच गई हैं जहां हर किसी के लिए पहुंचना इतना आसान नहीं होता है । प्रियंका के पास कई बड़े ब्रांड के विज्ञापन, अंतर्राष्ट्रीय मैगजीन के कवर पेज जैसी तमाम उपलब्धियां हैं जो उन्हें औरों से अलग बनाती हैं । बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा अपनी हॉलीवुड फ़िल्म बेवॉच के साथ अगले साल मई में धूम मचाने की तैयारी कर रही है ।
बेवॉच में प्रियंका एक नकारात्मक भूमिका अदा कर रही हैं । क्रिसमस के मौके पर प्रियंका ने अपने चाहने वालों को अपनी आगामी हॉलीवुड फ़िल्म बेवॉच के मोशन पोस्टर का तोहफ़ा दिया । बेवॉच के मोशन पोस्टर को शेयर करते हुए प्रियंका ने लिखा, “May your days be beachy and bright. Merry #Christmas from our Baywatch family to yours! #BeBaywatch.”
बेवॉच के पहले ट्रेलर में प्रियंका चोपड़ा चंद सेकेंड के लिए ही नजर आती है लेकिन मेकर्स ने प्रियंका के प्रशंसकों को आश्वासन दिया है कि फ़िल्म में प्रियंका का रोल देखने लायक होगा । वह इस फिल्म में ड्वेन जॉनसन और जैक एफ्रोन के साथ अभिनय करती हुईं नजर आएंगी ।
















