आमिर खान ने अपने फ़िल्मी करियर में ऐसी कई बेहतरीन परफ़ोरमेंस दी हैं जो पुरस्कार के लायक थी । लेकिन इतनी बेहतरीन परफ़ोरमेंस देने के बाबजूद भी आमिर खान किसी भी तरह क सम्मान प्राप्त करने के लिए किसी पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं हुए । आमतौर पर किसी अवॉर्ड सेरेमनी में नजर न आने वाले आमिर खान ने इस बार अपने नियमों को तोड़ते हुए 16 साल बाद किसी अवॉर्ड शो में शामिल हुए ।

सोमवार के दिन, आमिर खान को 75वें मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार समारोह में विशेष पुरस्कार से नवाजा गया । भारतरत्न लता मंगेशकर के परिवार द्वारा संचालित दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार के लिए इस साल आमिर खान को उनकी फिल्म दंगल के लिए ये पुरस्कार दिया गया । आमिर खान को यह अवॉर्ड संघ प्रमुख मोहन भागवत ने दिया । इस समारोह में लता मंगेशकर भी मौजूद थी ।

बीते जमाने की दिग्गज अभिनेत्री वैजयंतीमाला को 75वें मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया । उन्हें ये पुरस्कार संघ प्रमुख मोहन भागवत ने दिया । इससे पहले आमिर खान 16 साल पहले अकादमी पुरस्कारों के एक पुरस्कार समारोह में शामिल हुए थे जब उनकी फ़िल्म लगान को सर्वश्रेष्ठ फिल्म श्रेणी में नामांकित किया गया था ।

फ़िल्मों की बात करें तो, आमिर खान जल्द ही अपने प्रोडक्शन हाउस की फ़िल्म सीक्रेट सुपरस्टार में एक विस्तारित कैमियो रोल करते हुए नजर आएंगे । इसके अलावा वह यशराज फ़िल्म्स की आगामी फ़िल्म ठग ऑफ़ हिंदोस्तान में अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगे ।