रणबीर कपूर और अमिताभ बच्चन जल्द ही अयान मुखर्जी की फ़िल्म ब्रह्मास्त्र में स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगे । ब्रह्मास्त्र शुरूआत से ही चर्चा में बनी हुई है । करण जौहर के प्रोडक्शन में बन रही साई-फ़ाई थ्रिलर ब्रह्मास्त्र के लिए दर्शकों की प्रत्याशा बढ़ती जा रही है । फ़ैंस पर्दे पर रणबीर कपूर, अमिताभ बच्चन और आलिया भट्ट को एक साथ देखने के लिए बहुत उत्साहित है । दर्शकों के उत्साह को ध्यान में रखते हुए मेकर्स ने फ़ाइनली ब्रह्मास्त्र की रिलीज डेट अनाउंस की जो कि 4 दिसंबर 2020 है ।

ब्रह्मास्त्र में रणबीर कपूर और अमिताभ बच्चन शेयर करेंगे स्क्रीन
हाल ही में अमिताभ ने ब्रह्मास्त्र के सेट से चार तस्वीरों का एक कोलाज शेयर किया है और इसी के साथ उन्होंने रणबीर के प्रति अपनी भावनाएं जताई है । कोलाज के एक फ़ोटो में जहां रणबीर दो कुर्सियों पर बैठे हैं तो वहीं बिग बी एक साथ रखीं चार चेयर्स पर बैठे दिखाई दे रहे हैं । बिग बी ने इस कोलाज को पोस्ट करते हुए लिखा, "काम जल्दी शुरू हो जाता है...जैसे सुबह 6 बजे...रिहर्सल, ब्लॉकिंग और उसके बाद इसे अपने फेवरिट्स में से एक के साथ शूट करना । मुझे उनकी जबर्दस्त प्रतिभा की बराबरी करने के लिए चार कुर्सियों की जरूरत पड़ती है ।"
ब्रह्मास्त्र की बात करें तो, यह पांच भाषाओं में बनाई गई है । भारी वीएफ़एक्स के चलते फ़िल्म की रिलीज में वक्त लग रहा है । बड़े पैमाने पर बनी ब्रह्मास्त्र का बेस असल में अवेंजर्स फ़्रैंचाइजी की तरह है जहां अच्छाई और बुराई एक ऐसी शक्तिशाली चीज़ को तलाशती है जिससे अच्छे लोग, बुरे लोगों के मंसूबों, दुनिया को नाश करने के, पर पानी फ़ेर सके । जहां अवेंजर्स में अनंत शक्तिशाली पत्थर थे वहीं इस फ़िल्म में ब्रह्मास्त्र है । अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म में नागार्जुन और मौनी रॉय भी अहम भूमिका में नजर आएंगे ।
















