एक समय था जब बॉलीवुड के प्रतिद्दंदी असल जिंदगी में भी एक दूसरे से प्रतिद्दंदिता करते हुए दिखाई देते थे । लेकिन आज के समय में बॉलीवुड में ऐसा कुछ भी नहीं देखने को मिलता है । बल्कि अब तो बॉलीवुड में कलाकारों के बीच काफ़ी याराना दिखाई पड़ता है । वरुण धवन और अर्जुन कपूर की दोस्ती उन्हीं में से एक है ।वरुण धवन और अर्जुन कपूर एक दूसरे को बचपन से जानते है । लेकिन दोनों की दोस्ती गहरी हुई जब दोनों ने हिंदी सिनेमा में एंट्री ली । हाल ही में वरुण धवन और अर्जुन कपूर की दोस्ती की एक नई मिसाल देखने को मिली, जिसे देखकर यकीनन कहा जा सकता है कि दोस्ती हो तो ऐसी ।

वरुण धवन और अर्जुन कपूर की दोस्ती की नई मिसाल
वरुण इन दिनों दिल्ली में अपनी आगामी फ़िल्म सुई धागा-मेड इन इंडिया की शूटिंग में व्यस्त है । वरुण अपनी फ़िल्म को पूरा करने के लिए घंटो-घंटो काम कर रहे है । और इसी दौरान उन्हें अपने दोस्त अर्जुन कपूर की तरफ़ से एक स्पेशल सरप्राइज मिला । वरुण की इसी व्यस्तता को देखते हुए अर्जुन ने वरुण और उनकी फ़िल्म की टीम के लिए सरप्राइज फ़ूड भेजा जिसमें चिकन सहित लजीज व्यंजन थे ।
अर्जुन के इस सरप्राइज से बहद खुश होकर वरुण ने इंस्टाग्राम पर अर्जुन का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, ''मैं अपनी वैनिटी वेन में बैठा हुआ था । बाहर बहुत गर्मी थी और मुझे बहुत भूख लगी थी । तभी मुझे एक बड़ा सा सरप्राइज मिला । और मुझे ये सरप्राइज फ़ूड मिला मेरे दोस्त अर्जुन कपूर उर्फ़ चाचा से । चिकन के लिए धन्यवाद । वाकई मुझे बहुत अच्छा लगा ।''
अर्जुन कपूर ने दी ऐसे प्रतिक्रिया
अर्जुन, जिसने हाल ही में नमस्ते इंग्लैंड के पंजाब शेड्यूल को खत्म किया है, ने मुंबई लौट कर वरुण को जवाब दिया । साथ ही वरुण से कहा कि वह इस खाने को अपनी को-स्टार अनुष्का शर्मा और क्रू के साथ शेयर करे । अर्जुन ने वरुण से कहा, “You are most welcome Varun Dhawan aka VD in 3D. Share the food with your co-star, Anushka and with your angry young director and the whole crew. See you soon.”
वरुण इन दिनों अनुष्का शर्मा के साथ यशराज फ़िल्म्स की आगामी फ़िल्म सुई धागा-मेड इन इंडिया की शूटिंग में व्यस्त है । आपको बता दें कि सुई धागा भारतीय परिवेश में निहित है और आत्मनिर्भरता की भावना को दर्शाती है । हालांकि, यह एक दिल को छू लेने वाली कहानी भी है । दिल को छूती प्रेम कहानी के माध्यम से यह फ़िल्म अपने सपनों को आकार देने वाले जूनून को दर्शाती है । यह ऐसे दो लोगों के जीवन को दर्शाती है, जो अपनी आकांक्षाओं को एक साथ आगे बढ़ाने में और एक उज्ज्वल भविष्य को आकार देने में विश्वास करते हैं । आपको बता दें कि यह फ़िल्म मेक इन इंडिया कैम्पेन से प्रेरित है ।
यह भी पढ़ें : वरुण धवन की अक्टूबर को देख डेविड धवन ने लिया ये 'सीरियस' फ़ैसला
वहीं दूसरी तरफ़ अर्जुन, ने हाल ही में परिणीति चोपड़ा के साथ अपनी आगामी फ़िल्म नमस्ते इंग्लैंड के पंजाब शेड्यूल को खत्म किया है । विपुल अमृतलाल शाह द्दारा प्रोड्यूस और निर्देशित फ़िल्म नमस्ते इंग्लैंड 7 दिसंबर 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















