बीते हफ़्ते जसलीन मथारू की सिंदूर और शादी का चूड़ा पहने हुए तस्वीर वायरल क्या हुई, कयास लगाए जाने लगे कि जसलीन ने भजन सम्राट अनूप जलोटा के साथ शादी रचा ली है । साल 2018 में अनूप जलोटा और जसलीन एक साथ एक विचित्र जोड़ी के रूप में बिग बॉस 10 में आए थे । अनूप जलोटा और जसलीन मथारू के बीच की रोमांटिक केमिस्ट्री मीडिया की सुर्खियां बन गई थी । हालांकि जब अनूप ने बिग बॉस से बाहर आने के बाद मुझे इंटरव्यू दिया तो उन्होंने इस कथित रोमांस की खबरों को महज अफ़वाहें बतलाया और जसलीन के लिए कोई फ़ीलिंग्स न होने की बात कही ।

अनूप जलोटा के लिए जसलीन मथारू बेटी की तरह है
अनूप ने कहा था कि, “बिग बॉस हाउस के बाहर वह मेरी शिष्य है और मैं उसका गुरू । वह मुझसे संग़ीत सीखती है । और वही केमिस्ट्री हम बिग बॉस हाउस में भी एक दूसरे के साथ शेयर करते थे । हमने पूरे शो के दौरान एक दूसरे को गुरु-शिष्य वाली फ़ीलिंग्स दी । इससे ज्यादा कुछ नहीं । हमारे बीच कोई फ़िजिकल और इमोशनल निकटता नहीं है ।”
और अब जब जसलीन की शादी की खबरें जोर पकड़ रही हैं तो अनूप के साथ मैंने एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने कहा कि, “अब फ़िर से नहीं ! जसलीन के साथ मेरी शादी, खुद मेरे लिए भी एक खबर की तरह है । मैं और जसलीन के पिता उसके लायक कोई लड़का ढूंढ रहे हैं । मैंने उन्हें एक पंजाबी लड़का बताया था जो कनाड़ा रहताहै । लेकिन अभी कुछ फ़िक्स नहीं हुआ है ।”
जसलीन का करेंगे कन्यादान
यदि अनूप के बताये लड़के से जसलीन की शादी होती है तो वादे के मुताबिक अनूप ही जसलीन का कन्यादान करेंग़े । “बिग बॉस से आने के बाद मैंने आपसे कहा था कि मैं उसका कन्यादान करुंगा । और मैं ऐसा ही करूंगा । वह मेरी शिष्या है और बेटी की तरह है ।”
बता दें कि अनूप ने दो बार शादी रचाई थी । पहली शादी उन्होंने सिंगर शुनाली राठौड़ के साथ रचाई थी लेकिन ये सफ़ल न हो सकी । इसके बाद उन्होंने मेधा गुजराल के साथ शादी रचाई । दोनों काफ़ी खुश थे लेकिन साल 2014 में अनूप की दूसरी पत्नी मेधा का निधन हो गया । इस बारें बात करते हुए अनूप इमोशनल होकर बोले, “मैं मेधा को कभी नहीं भूला सकता ।”
















