कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के कारण आम लोगों से लेकर बॉलीवुड सितारे भी अपने अपने घरों में रहने को मजबूर हैं । बेहद बिजी रहने वाले फ़िल्ममेकर करण जौहर भी इस लॉकडाउन में अपनी फ़ैमिली, जिसमें शामिल हैं उनकी मां और दोनों बच्चें, के साथ क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं । अपने दोनों बच्चों यश जौहर और रूही जौहर के साथ कई सारे वीडियोज पोस्ट करने वाले करण जौहर ने अपने नए लुक के साथ अपनी एक सेल्फ़ी पोस्ट की है । इस लुक में करण जौहर के सफ़ेद बाल नजर आ रहे हैं और उन्होंने खुद के लिए पिता का रोल मांगा है ।

करण जौहर ने नए लुक के साथ पोस्ट की सेल्फ़ी
करण ने इंस्टाग्राम पर ग्रे हेयर लुक के साथ अपनी एक सेल्फ़ी पोस्ट की है । ग्रे हेयर के कारण इस सेल्फ़ी में करण काफ़ू उम्रदराज लग रहे हैं । अपनी इस सेल्फ़ी को पोस्ट करते हुए करण ने लिखा, ‘मुझे पता है कि मेरी ऐक्टिंग करंट वायरस से भी डरावनी थी लेकिन सेकंड चांस की उम्मीद करने में कोई बुराई नहीं है । जो भी फिल्ममेकर रिस्क लेने को तैयार हैं उनके लिए करण, पिता के रोल के लिए अवेलेबल हैं ।’
करण के इस लुक को देख डेली सॉप क्वीन कही जाने एकता कपूर ने उन्हें एक रोल ऑफ़र कर दिया । एकता कपूर ने करण को मिस्टर बजाज का रोल ऑफर करते हुए लिखा, ‘मेरा एक सीरियल पहले से ही चल रहा है, ऋषभ बजाज के बाल सफेद हैं और वो हॉट भी हैं, हम अक्सर चेहरे बदलते रहते हैं, प्लीज टीवी में आ जाओ, यहां खुश करना ज्यादा आसान है ।’

एकता कपूर के इस फनी जवाब पर करण जौहर ने कहा ‘लॉकडाउन खत्म होने के बाद मैं ऑडिशन के लिए आ रहा हूं, इस रोल को करने पर मेरी मम्मी काफी खुश होगी ।’
















