बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जगदीप का बुधवार को 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया । वह बढ़ती उम्र से होने वाली कई बीमारियों से जूझ रहे थे । अभिनेता जगदीप ने मुंबई स्थित अपने घर पर बुधवार 8 जुलाई को 8.40 पर अंतिम सांस ली । 400 से ज्यादा फिल्मों में काम करने वाले जगदीप का असली नाम सैयद इश्तियाक अहमद जाफरी था । साल 1975 में आई अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की मशहूर फिल्म शोले में सूरमा भोपाली के किरदार से जगदीप ने खूब लोकप्रियता हासिल की थी । जगदीप के निधन से पूरे बॉलीवुड में शोक का माहौल है । बॉलीवुड सितारें सोशल मीडिया पर जगदीप को दुखी मन से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं । अपने शोले के को-स्टार जगदीप को याद कर अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र ने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट लिखा ।

जगदीप के निधन से दुखी हुए अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र
जगदीप के साथ कई फ़िल्मों में काम कर चुके अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा, “बीती रात हमने एक और रत्न खो दिया । कॉमेडी में अद्भुत काबिलियत रखने वाले जगदीप नहीं रहे । उनके पास अदाकारी की एक अनूठी व्यक्तिगत शैली थी । कई फिल्मों में मुझे उनके साथ काम करने का सम्मान मिला, जिनमें से शोले और शहंशाह शामिल हैं । वो एक विनम्र शख्सियत थे, जिन्हें लाखों लोगों का प्यार मिला । मेरी दुआएं और प्रार्थनाएं उनके लिए ।
सैय्यद इश्तियाक अहमद जाफरी उनका असली नाम था । उन्होंने जगदीप नाम एक फिल्म में अपने कैरेक्टर से अडॉप्ट किया था । उन्होंने कई ऐसे यादगार परफॉर्मेंस दिए, जिसे लोगों ने बहुत पसंद किया । अपने फिल्म के किरदार के नाम को अपनाना बेहद गरिमाशाली बात थी, जो इस देश की विभिन्नता में एकता की भावना को जाहिर करता है । उस दौर में ऐसा कई लोगों ने किया जिसमें दिलीप कुमार, मधुबाला, मीना कुमारी, जयंत (अमजद खान के पिता) और भी कई सारे शामिल हैं ।”
धर्मेंद्र ने कहा- तुम भी चले गए
वहीं धर्मेंद्र ने ट्विटर पर जगदीप को याद करते हुए लिखा, “तुम भी चले गए... सदमे के बाद सदमा... जन्नत नसीब हो तुम्हें ।”
https://t.co/QZGSYBcXo4 ....tum bhi chale gaye ....sadme ke baad sadma..... Jannat naseeb ho .....tumhein ?
— Dharmendra Deol (@aapkadharam) July 9, 2020
गौरतलब है कि, 29 मार्च 1939 को जन्मे जगदीप ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत 1951 में बी आर चोपड़ा की फिल्म अफसाना से की थी । इस फिल्म में जगदीप ने बतौर बाल कलाकार काम किया था । इसके बाद भी उन्होंने कई फिल्मों में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया जिनमें गुरू दत्त की आर पार, बिमल रॉय की दो बीघा जमीन जैसी बेहतरीन फिल्में शामिल हैं । फिल्म अंदाज अपना अपना में सलमान खान के पिता के रोल में भी उन्होंने दर्शकों का जबरदस्त मनोरंजन किया था । अभिनय के अलावा अभिनेता ने एक फिल्म का निर्देशन भी किया था जिसका नाम सूरमा भोपाली था । इस फिल्म में सूरमा भोपाली का लीड किरदार भी उन्होंने खुद निभाया था ।
यह भी पढ़ें : शोले के ‘सूरमा भोपाली’ जगदीप का 81 वर्ष की उम्र में निधन
















