अभिनेता अली फज़ल अपनी आने वाली वेब सीरीज़ राख में पहली बार एक पुलिस अफ़सर की भूमिका निभाने जा रहे हैं। प्राइम वीडियो पर आने वाली इस सीरीज़ को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। यह प्रोजेक्ट अली फ़ज़ल और मशहूर निर्देशक प्रोसित रॉय की पहली कोलैबोरेशन भी है, जिनके साथ काम करना अली का काफ़ी समय से सपना था।

प्रोसित रॉय की राख में अली फ़ज़ल
प्रोसित रॉय, जिन्होंने परी, चकदा एक्सप्रेस और पाताल लोक जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स डायरेक्ट किए हैं, अपनी खास स्टोरीटेलिंग और गहरी परतों वाले विज़न के लिए जाने जाते हैं।
अपने अनुभव को साझा करते हुए अली फज़ल ने कहा, “प्रोसित रॉय के साथ काम करना मेरी वॉचलिस्ट में लंबे समय से था। मुझे याद है जब मैंने परी देखी थी तो उनकी कहानी कहने की शैली, सन्नाटे और तनाव के ज़रिए दुनिया बनाने का तरीका मुझे बेहद अनोखा और असरदार लगा। बाद में पाताल लोक ने इस विश्वास को और मज़बूत कर दिया कि वह इंडस्ट्री की सबसे रोमांचक आवाज़ों में से एक हैं। जब राख मेरे पास आई और मुझे पता चला कि प्रोसित इसे डायरेक्ट कर रहे हैं, तो लगा जैसे मेरी चुपचाप की गई दुआ पूरी हो गई हो। अपने करियर में पहली बार पुलिस अफ़सर की भूमिका निभाना चुनौतीपूर्ण भी रहा और रोमांचक भी। लेकिन इसे प्रोसित के निर्देशन में एक्सप्लोर करना मेरे लिए बेहद खास और बदलने वाला अनुभव रहा। उनकी बारीकियों पर पकड़, एक्टर को सहज रहते हुए भी बेहतर करने की प्रेरणा और जिस तरह से वह अपनी कहानियों की दुनिया रचते हैं ये सब मिलकर इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बना देते हैं। मैं बेहद खुशकिस्मत महसूस करता हूं कि राख वह प्रोजेक्ट है जिसने हमें साथ लाया। कभी-कभी सपनों को सच होने में वक्त लगता है, लेकिन जब होते हैं, तो वाकई इंतज़ार के काबिल होते हैं।”
राख के साथ अली फज़ल एक बार फिर अपने करियर की नई दिशा दिखाने वाले हैं। इस सीरीज़ का निर्देशन और एग्ज़िक्यूटिव प्रोडक्शन प्रोसित रॉय कर रहे हैं, जबकि इसे अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत ने लिखा, क्रिएट और को-डायरेक्ट किया है।
















